देश-विदेश

जौनपुर में पिता के बाद अब भाजपा नेता बेटे की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या... मचा हड़कंप

डेस्क। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है। जौनपुर के बोधापुर गांव निवासी भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रमोद यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वर्तमान में वह भाजपा संगठन के जिला महामंत्री थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। बता दें कि 1980 में प्रमोद के पिता राजबली यादव की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस टीम आनन-फानन मौके पर पहुंची और छानबीन कर रही है। घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। 

प्रमोद को अज्ञात बदमाशों ने गुरुवार सुबह घर के बाहर ही तीन गोली मारी। गोली मारने के बाद  घटनास्थल से कुछ दूर आगे बाइक छोड़ फरार हो गए। गोली लगने के बाद घायल प्रमोद को जिला अस्पताल ले जा रहा था, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। मौके पर बदमाशों की बाइक को कब्जे में लेकर पुलिस जांच में जुटी है। मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल शर्मा भी पहुंचे हैं। स्थानीय लोगों व परिवार वालों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। 

प्रमोद यादव के पिता राजबली यादव की भी वर्ष 1980 में गोली मारकर हत्या हुई थी। वे जनसंघ से जुड़े थे। शाम को हल्की बारिश में वे शहर से एक मित्र के साथ मूरकटवा आए थे। वहां से बाइक छोड़ पैदल घर जा रहे थे। जहां पहले से ही घात लगाए बैठे बदमाश ने उन्हें गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। वे एक बार जनसंघ के टिकट पर रारी विधानसभा से चुनाव लड़े थे परंतु हार गए थे।

----------