देश-विदेश

चाचा नहीं देता था चलाने को बाइक, भतीजे ने दोपहिया ही चोरी कर लिया और फिर मांगने लगा फिरौती

भोपाल। फिरौती मांगने वाले फोन आमतौर पर आपने अपहरण के मामले में सुने होंगे, लेकिन एक चोर ने वाहन वापस करने के बदले ही 20 हजार की फिरौती मांग ली। यह मामला मध्यप्रदेश के मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र का है। जहां पर एक चोर ने दो महीने पहले बाइक चोरी की। इसके बाद अपने दोस्त के यहां ले जाकर छिपा दी। फिर गुजरात सूरत जाकर अपने दोस्तों के नंबर से फोन कर वाहन मालिक से 20 हजार रुपये की फिरौती मांगने लगा। हालांकि उसकी इस हरकत के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाई और अब उसे गिरफ्तार कर हवालात पहुंचा दिया है।

पूरा मामला मध्य प्रदेश के मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र निवासी सलीम खान की बाइक चोरी से जुड़ा है। उनकी बाइक दो महीने पहले चोरी हुई थी। 7 अक्टूबर 2023 को उन्होंने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ वाहन चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दिसंबर 2023 में अचानक उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन किया और कहा कि यदि वह 20 हजार रुपये देगा तो उसकी बाइक मिल सकती है। कई बार इसी प्रकार से फोन अलग-अलग नंबर से आए। जांच के बाद पुलिस आरोपी साहिल शाह तक पहुंच गई।

बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराने वाले सलीम खान की बाइक किसी दूसरे ने नहीं बल्कि उनके ही भतीजे ने चोरी कर ली थी। उसने पुलिस पूछताछ में चोरी की वजह बताई। चाचा की बाइक चोरी करने वाले भतीजे ने पुलिस को बताया कि उसके चाचा मोहल्ले में सब लोगों को बाइक चलाने के लिए दे दिया करते थे, लेकिन जब वह मांगता तो उसे मना कर देते। इसी कारण उसने बाइक ही चोरी कर ली। चोरी करने के बाद यह बाइक को अपने दोस्त के घर ले जाकर रख दिया। आरोपी युवक का दोस्त रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के कल्ला गांव का रहने वाला है।

----------