देश-विदेश

विश्व हाइड्रोजन शिखर सम्मेलन 2024: ऊर्जा सचिव ने हरित हाइड्रोजन में भारत के विजन पर डाला प्रकाश

नईदिल्ली। भारत सरकार के नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के सचिव,  भूपिंदर सिंह भल्ला ने 15 मई, 2024 को नीदरलैंड के रॉटरडैम में विश्व हाइड्रोजन शिखर सम्मेलन 2024 को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा और हरित हाइड्रोजन उत्पादन के क्षेत्र में भारत के रणनीतिक विजन और क्षमताओं पर प्रकाश डाला।

भल्ला ने राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन की व्यापक प्रकृति को रेखांकित किया, जिसमें पायलट परियोजनाएं, अनुसंधान और विकास (आरएंडडी) पहलें और कौशल विकास कार्यक्रम जैसे घटक शामिल हैं। "यह समग्र दृष्टिकोण हाइड्रोजन मूल्य श्रृंखला में नवाचार, सहयोग और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके अलावा, परियोजनाओं के संचालन और अनुसंधान एवं विकास को आगे बढ़ाने पर मिशन का ध्यान हरित हाइड्रोजन प्रौद्योगिकियों के लिए एक जीवंत इको-सिस्टम को प्रोत्साहित करने, अत्याधुनिक समाधानों और सर्वोत्तम प्रथाओं के उद्भव को बढ़ावा देने की भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।"

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा सचिव ने नवीकरणीय ऊर्जा सामर्थ्य में वैश्विक नेतृत्वकर्ता के रूप में भारत की स्थिति और देश की नवीकरणीय ऊर्जा की कम लागत पर बल दिया। "प्रतिस्पर्धी मूल्य निर्धारण के साथ, भारत नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं में घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय निवेश के लिए एक आकर्षक परिदृश्य प्रस्तुत करता है, जो टिकाऊ ऊर्जा स्रोतों की ओर परिवर्तन की देश की प्रतिबद्धता के अनुरूप है।"  भल्ला ने राष्ट्रीय ऊर्जा मिश्रण में नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों के निर्बाध एकीकरण के लिए एक प्रमुख प्रवर्तक के रूप में भारत के एकीकृत ग्रिड बुनियादी ढांचे पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिखर सम्मेलन के दर्शकों को बताया कि यह एकीकृत ग्रिड न केवल ग्रिड स्थिरता और विश्वसनीयता को बढ़ाता है, बल्कि यह नवीकरणीय ऊर्जा संयंत्रों की रणनीतिक जगह, दक्षता को इष्टतम करने और लंबी दूरी के परिवहन और हाइड्रोजन के भंडारण की आवश्यकता को कम करने में भी सक्षम बनाता है।

सचिव ने कहा, भारत में कुशल इंजीनियरों का प्रचुर समूह नवीकरणीय ऊर्जा और हरित हाइड्रोजन परियोजनाओं के सफल कार्यान्वयन के लिए आधारशिला के रूप में कार्य करता है। इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) सेवाओं में विश्व स्तरीय विशेषज्ञता के साथ, भारत एक मजबूत प्रतिभा पूल प्रदान करता है, जो दक्षता और सटीकता के साथ परियोजनाओं को क्रियान्वित करने में सक्षम है। उचित लागत पर कुशल कर्मियों की यह उपलब्धता हरित हाइड्रोजन उत्पादन के वैश्विक बाजार में भारत की प्रतिस्पर्धात्मकता को और बढ़ाती है।''

 

----------