टर्बुलेंस यानि गंभीर झटकों से हवा में ही खतरनाक तरीके से हिलने लगा सिंगापुर एयरलाइंस का विमान, एक की मौत और 30 घायल
डेस्क | प्लेन का सफर बेहद ही सुरक्षित माना जाता है। लेकिन कई मामलों में यह खतरनाक भी हो सकता है। एक दुर्लभ घटना में लंदन से सिंगापुर की उड़ान में गंभीर झटकों (टर्बुलेंस) के कारण एक यात्री की मौत हो गई। वहीं 30 अन्य लोग घायल हो गए। सिंगापुर एरलाइंस ने मौत की पुष्टि की है। घटना के बाद विमान ने बैंकॉक में इमरजेंसी लैंडिंग की। टर्बुलेंस के कारण विमान की ऊंचाई और दिशा में अचानक बदलाव हो सकता है।
सिंगापुर एयरलाइंस ने कहा कि उड़ान संख्या SQ321, जिसने सोमवार को लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और सिंगापुर की ओर जा रहा था, उसे गंभीर स्थिति का सामना करना पड़ा। विमान को बैंकॉक के सुवर्णभूमि इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर मोड़ गया, जहां वह मंगलवार को दोपहर 3.45 बजे उतरा। विमान बोइंग 777-300 ईआर में 221 यात्री और 18 चालक दल के सदस्य सवार थे।
टर्बुलेंस के दौरान विमान खतरनाक तरीके से हिलने लगता है, जिससे उसमें बैठे यात्रि बहुत डर जाते है | यह घटना मुख्य रूप से विभिन्न वायुमंडलीय स्थितियों के कारण होती है। वायुमंडल में पाई जाने वाली तेज, संकीर्ण वायु धाराएं होती हैं और जब विमान इनसे गुजरते हैं तो झटके पर झटके लगते हैं। खतरनाक तूफान और अन्य मौसमी घटनाओं के कारण भी विमान में टर्बुलेंस देखने को मिलता है। कुछ दूरी के लिए हवा कि गति और दिशा में अचानक बदलाव भी टर्बुलेंस का कारण हो सकता है।
मरने वाले यात्री के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए एयरलाइन ने कहा, 'हम पुष्टि कर सकते हैं कि बोइंग में यात्री घायल हुए हैं और एक व्यक्ति की मौत हुई है। हमारी प्राथमिकता विमान में सभी यात्रियों और चालक दल को हर संभव सहायता पहुंचने की है।' विमान कंपनी ने आगे बताया कि चिकित्सा सहायता देने के लिए थाईलैंड में स्थानीय अधिकारियों के साथ काम किया जा रहा है और आवश्यक मदद के लिए बैंकॉक में एक अतिरिक्त टीम भेजी जा रही है।