आपने भी लिखाई है घर पर हुई चोरी की रिपोर्ट तो पहुंचे थाने, पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा
2023-03-19 09:49 AM
204
रायपुर। राजधानी पुलिस ने चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे तीन चोरों को धर दबोचा। तीनों चोर महाराष्ट्र नागपुर में रहने वाले है। पुलिस की पूछताछ में तीनों में पुरानी बस्ती इलाके के सूने मकान में धावा बोलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए सोना-चांदी के जेवर, दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पुलिस थाने में लिखाई चोरी की रिपोर्ट की जांच कर रही है। अगर आपने भी पुरानी बस्ती थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है तो थाने पहुंचे और पुलिस द्वारा जब्त सामान की जांच करें।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 मार्च को पुरानी बस्ती पुलिस टीम को सूचना मिली कि भाठागांव बाजार के पास दोपहिया वाहन सवार तीन युवक सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल फोन बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुखबिर के बताए हुलिए की पहचान कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।

प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने अपना नाम राज चंदेलिया, राहुल चंदेलिया एवं रितिक गायकवाड़ निवासी महाराष्ट्र होना बताया। पहले तो तीनों पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने तीनों की तलाशी ली तो उनके पास सोने चांदी के जेवरात एवं मोबाईल फोन बरामद किया। सोने चांदी के जेवरात एवं मोबाईल फोन सहित वाहन के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों ने बताया कि उन लोगों ने पुरानी बस्ती क्षेत्र सहित अन्य स्थानों व सूने मकानों से चोरी किया है।
पुलिस ने इनको किया गिरफ्तार
पुलिस ने राज चंदेलिया पिता आकाश चंदेलिया उम्र 29 साल निवासी रीवारीव रोड गोंड पारा थाना कोतवाली जिला बिलासपुर हाल पता जुनी मंगलवारी गंगाबाई घाट शिवाजी नगर थाना कोतवाली नागपुर महाराष्ट्र, राहुल चंदेलिया पिता आकाश चंदेलिया उम्र 29 साल निवासी रीवारीव रोड गोंड पारा थाना कोतवाली जिला बिलासपुर हाल पता जुनी मंगलवारी गंगाबाई घाट शिवाजी नगर थाना कोतवाली नागपुर महाराष्ट्र और रितिक गायकवाड़ पिता गणेश गायकवाड़ उम्र 23 साल निवासी गंगा बाई घाट हनुमान मंदिर के पास शिवाजी नगर थाना कोतवाली जिला नागपुर महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया है।