रायपुर

सांसद दीपक बैज दिल्ली तलब... पार्टी अध्यक्ष से खास मुलाकात... सीएम बघेल के साथ वार्ता... क्या है संकेत...?

दिल्ली। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, डॉ. चरण दास महंत, टीएस सिंहदेव सहित प्रदेश कांग्रेस के तमाम दिग्गजों का एक साथ दिल्ली में जमावड़ा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम को अलग-थलग रखा जाना। इसके बाद बस्तर से कांग्रेस सांसद दीपक बैज को दिल्ली तलब किया जाना, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से खास मुलाकात होना, उसके बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ छत्तीसगढ़ सदन के कक्ष में तस्वीर लेना... इन सबके माध्यम से कई संकेत मिल रहे हैं... पर ये इशारा किस तरफ है... यह बड़ा सवाल है। 

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से प्रदेश कांग्रेस संगठन की जिम्मेदारी आदिवासी विधायक मोहन मरकाम संभाल रहे हैं। बीते दिनों कुमारी सैलजा छत्तीसगढ़ प्रवास पर आईं थी, तो उन्होंने साफगोई से प्रदेश संगठन में बदलाव की बात को टाल दिया था कि राजनीति में हवाएं उड़ती रहती हैं, लेकिन धरातल पर वास्तविकता कुछ और ही होती है। तब भी चर्चा थी कि प्रदेश कांग्रेस की कमान बदली जा सकती है और तब मंत्री अमरजीत भगत के नाम की चर्चा ने जोर पकड़ रखा था। 

आज मुख्यमंत्री बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. महंत, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव सहित दिग्गज मंत्रियों और विधायकों का प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकार को छोड़कर दिल्ली जाना, उसके बाद अचानक सांसद दीपक बैज को दिल्ली तलब किया जाना, कई सवालों को जन्म दे रहा है, तो कई संकेत भी दे रहा है। हालांकि जब तक आधिकारिक तौर पर कोई भी बयान नहीं आता है, तब तक यह राजनीतिक अफवाहें ही रहेंगी। लेकिन परिवर्तन के आसार परिलक्षित होने लगे हैं।