"खुला आश्रय का शुभारंभ... विधायक शर्मा बोले- समाज के अन्य लोगों को भी करना चाहिए सहयोग
2023-04-06 12:56 PM
322
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वित्त पोषित खुला आश्रय गृह बालक का शुभारंभ माना कैम्प प्राथमिक शाला परिसर में किया गया। कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण के विधायक सत्यनारायण शर्मा, रायपुर दक्षिण विधायक बृजमोहन अग्रवाल, नगर पंचायत माना कैम्प के अध्यक्ष संजय यादव एवं जैतूसाव मठ के सचिव महेंद्र अग्रवाल शामिल हुए। सभी अतिथियों के द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वालित करने के उपरांत सभी अतिथियों का स्वागत परिषद के पदाधिकारियों द्वारा किया गया।
स्वागत उदबोधन महासचिव डॉ अशोक त्रिपाठी एवं परिषद की जानकारी वरिष्ठ उपाध्यक्ष चन्द्रेश शाह ने दिया। अपने उदबोधन में मुख्य अतिथि सत्यनारायण शर्मा ने परिषद के कार्यों की सराहना करते हुए सदस्यों एवं समाज के अन्य लोगों से भी आर्थिक सहयोग की अपील करते हुए आगे भी सहयोग करने का आश्वासन दिया।
बृजमोहन अग्रवाल ने असहाय बच्चों की सेवा को ही ईश्वर की पूजा से बड़ा बताया। खुला आश्रय के माध्यम से घुमंतू बच्चों को भी समाज की मुख्य धारा में जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। परिषद के कार्यों की सराहना करते हुए आने वाले समय मे और विस्तार पर जोर दिया और परिषद द्वारा संचालित स्पीच थेरेपी सेंटर को प्रदेश स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाने के लिए और प्रयास करने पर जोर दिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष संजय यादव ने माना में खुला आश्रय खोलने के लिए परिषद का आभार व्यक्त करने के साथ मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हमेशा सहयोग करने के लिए आश्वस्त किया। खुला आश्रय गृह बालक का संचालन छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा किया जाएगा जिसमे 25 बच्चों के रहने की सुविधा होगी।
इस अवसर पर महिला दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक हित में अपना योगदान देने के लिए सुगन्धा जैन, चंचल सोनी, विधा राजपूत, लक्ष्मी कुमार एवं रिंकी अरोरा को शाल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त परिषद में कार्यरत मानसेवी महिलाओं का भी सम्मान किया गया।
परिषद द्वारा पुरानी बस्ती रायपुर में संचालित बाल जीवन ज्योति बालगृह बालिका को भी माना कैम्प में स्थानांतरित करने हेतु संयुक्त सचिव राजेन्द्र निगम एवं प्रीति निगम ने भूमिपूजन किया। खेलों इंडिया में जूडो कराटे में पदक लाने के लिए कोंडागांव की बालिका रंजीता कोरेटी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजेन्द्र निगम एवं आभार प्रदर्शन प्रकाश अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर एससी धीर, सुनीता चंसोरिया, नवीन कुमार जैन, आनंद सुराना, सुभाष बुंदेले, बिमल घोषाल के अतिरिक्त बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।