रायपुर

पार्टी के 44 वें स्थापना दिवस पर... छत्तीसगढ़ भाजपा ने तय किए दो बड़े लक्ष्य... कैसे करेंगे पूरा, किया मंथन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा के बड़े नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ 44 वां स्थापना दिवस मनाया। असल में स्थापना दिवस के बहाने प्रदेश भाजपा के ​अग्रजों ने कार्यकर्ताओं के सामने दो बड़े लक्ष्य को रखा है। पहला यह कि प्रदेश में हर हाल में सत्ता की वापसी करनी है, तो दूसरा यह कि साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 11 सीटों पर जीत हासिल करना है। 

इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि, आज हनुमान जन्मोत्सव भी है, नरेंद्र मोदी के उद्बोधन से कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन मिल गया है। आज का ये दिन जनसंघ की यात्रा को याद दिलाता है। आज 18 करोड़ से सदस्यों के साथ देश का सबसे बड़ा दल भाजपा है। हम उस संगठन से हैं जिसने अटल जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का निर्माण किया। डॉ रमन ने कहा- हर बार चुनाव में चुनौती होती है। इस बार कार्यकर्ताओं के लिए दोहरी चुनौती। पहली ये कि प्रदेश में भाजपा सरकार 2023 में बनाना, दूसरा 2024 में तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना। हम सभी इसी संकल्प के साथ काम कर रहे हैं।
 

प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने इस मौके पर कार्यकर्ताओं से कहा- आप जैसे सहयोगियों की वजह से आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है, सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान बढ़ रहा है। भाजपा जैसी राजनीतिक पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए साव ने कहा कि गांव, गरीब किसान के हित में भाजपा सरकार कार्य कर रही है। प्रदेश के 23 हजार से अधिक बूथों पर कार्यक्रम किए जा रहे हैं। कार्यालयों को सजाया गया है। उत्साह पूर्वक स्थापना दिवस मनाया जा रहा है।