गांव के मैदानों से ग्लोबल मंच तक—सांसद बृजमोहन का खेल अभियान भारत की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से जुड़ा
रायपुर। “हम खेलेंगे तो खेलेगा इंडिया” के प्रखर संकल्प के साथ रायपुर लोकसभा क्षेत्र में आयोजित सांसद खेल महोत्सव अपनी दूसरी कड़ी में अभूतपूर्व ऊर्जा, उत्साह और सहभागिता का गवाह बना। तिल्दा और धरसींवा विकासखंडों में आयोजित इस महोत्सव में हजारों खिलाड़ियों ने पारंपरिक से लेकर आधुनिक खेलों तक शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ की मिट्टी की प्रतिभा को नई पहचान दी।
आज एमिटी विश्वविद्यालय, खरोरा में हुए विकासखंड स्तरीय आयोजन में एनसीसी कैडेट्स द्वारा सांसद बृजमोहन अग्रवाल का अनुशासित और भव्य स्वागत युवा शक्ति के आत्मविश्वास और राष्ट्रभावना की सजीव झलक था। खम्हरिया, कनकी, सांकरा, खपरी कला जोन के 82 ग्राम पंचायतों से आए 2106 खिलाड़ियों ने कुश्ती, भारोत्तोलन, शतरंज, खो-खो, कबड्डी, फुगड़ी, तैराकी और कई अन्य खेलों में दमखम दिखाया।