वास्तु के अनुरूप निखरेगा रायपुर प्रेस क्लब का स्वरूप.. वास्तुविद रोहित ने किया निरीक्षण
रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित रायपुर प्रेस क्लब के व्यापक कायाकल्प की दिशा में ठोस पहल शुरू हो गई है। प्रेस क्लब के प्रस्तावित रेनोवेशन कार्य को वास्तु शास्त्र के सिद्धांतों के अनुरूप संपन्न करने का निर्णय लिया गया है, ताकि भवन में सकारात्मक ऊर्जा, संतुलन और कार्यक्षमता का समुचित समावेश हो सके।
इसी क्रम में सुप्रसिद्ध वास्तुविद रोहित खंडेलवाल ने प्रेस क्लब परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की संरचना, कक्षों की दिशा, ऊर्जा प्रवाह और वातावरण के सामंजस्य का गहन अध्ययन करते हुए आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि वास्तु सम्मत सुधारों से न केवल कार्यस्थल का माहौल अधिक सकारात्मक बनेगा, बल्कि संस्थान की प्रगति और सक्रियता को भी नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा ‘भारतीय’, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू तथा भूपेश जांगड़े उपस्थित रहे। प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों का सृजनात्मक और संवादात्मक केंद्र है। रेनोवेशन का उद्देश्य इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के साथ-साथ वास्तु के अनुरूप सकारात्मक और ऊर्जावान वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि पत्रकारों को बेहतर कार्य परिवेश मिल सके। महासचिव गौरव शर्मा ‘भारतीय’ ने बताया कि वास्तुविद द्वारा प्रस्तुत निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर शीघ्र ही सुधार एवं नवीनीकरण कार्य प्रारंभ किया जाएगा