रायपुर

रायपुर के 31 आत्मानंद स्कूलों में निकली बंपर भर्ती, जानें कैसे बनेगी मेरिट लिस्ट

रायपुर। जिले के 31 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में शिक्षकों और अन्य स्टाफ की भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला प्रबंधन समिति ने 151 रिक्त पदों पर संविदा नियुक्ति के लिए अधिसूचना जारी की है, जिसमें व्याख्याता से लेकर चतुर्थ श्रेणी तक के पद शामिल हैं। इच्छुक उम्मीदवार 20 मार्च को दोपहर 12 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल फॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।

बता दें कि यह भर्ती उन अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत है जो सितंबर 2023 से रुकी हुई प्रक्रिया का इंतजार कर रहे थे। रायपुर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के आत्मानंद स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होने से छात्रों को बेहतर अंग्रेजी माध्यम शिक्षा मिल सकेगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। जिले के 33 में से 31 स्कूलों में रिक्तियां निकाली गई हैं।

इन पदों पर होगी सीधी भर्ती

शैक्षणिक पद: व्याख्याता, प्रधान पाठक (प्राथमिक), शिक्षक, सहायक शिक्षक (विज्ञान प्रयोगशाला सहित)।

अन्य पद: कंप्यूटर शिक्षक, व्यायाम शिक्षक, ग्रंथपाल (लाइब्रेरियन), सहायक ग्रेड-3, भृत्य और चौकीदार।

प्रशासन ने चयन के लिए पारदर्शी अंक प्रणाली निर्धारित की है। किसी भी पद के लिए ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

दस्तावेज सत्यापन: प्रत्येक 1 पद के विरुद्ध 10 टॉप मेरिट उम्मीदवारों को वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा।

भर्ती का स्वरूप: सभी नियुक्तियां संविदा (Contractual) आधार पर होंगी।

पुरानी भर्ती का हवाला: इससे पहले 2023 में 71 पदों के लिए 5 हजार आवेदन आए थे, लेकिन सत्ता परिवर्तन के कारण प्रक्रिया बीच में ही रुक गई थी, जिसे अब नए सिरे से शुरू किया गया है।

20 मार्च को आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद जिला शिक्षा कार्यालय प्रारंभिक मेरिट सूची जारी करेगा। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन (Document Verification) कर अंतिम नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे।