विधायक कॉलोनी के पीछे मारपीट का वीडियो वायरल.. 7 लोग हिरासत में
रायपुर। रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र अंतर्गत विधायक कॉलोनी के पीछे स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने 26 फरवरी की रात हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। वायरल वीडियो के आधार पर पहचान करते हुए थाना तेलीबांधा पुलिस ने घटना में शामिल सभी सात लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्ष कैटरिंग का कार्य करते हैं।
आरोपी पार्टी “A” में काशीराम नगर निवासी योगेश साहू (26) और रितेश साहू (25) शामिल हैं। वहीं आरोपी पार्टी “B” में आशुतोष पांडे (26), सतबीर खींची (51), मो. तालिब (20), संदीप यादव (20) और विवेक मिश्रा (27) शामिल हैं, जो वर्तमान में विधायक कॉलोनी के पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी क्षेत्र में निवासरत हैं। सभी आरोपी कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि लेन-देन की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो नशे की हालत में मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।