रायपुर

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन ने... केंद्रीय मंत्री सिंधिया को लिखा पत्र... किया इस महती आवश्यकता के लिए आग्रह

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने गुरुवार को एक पत्र केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रेषित किया है। इस पत्र में डॉ. रमन सिंह ने बस्तर से दिल्ली के लिए नई उड़ान को लेकर धन्यवाद ज्ञापित करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की है, तो इसमें उन्होंने एक महती आवश्यकता का जिक्र करते हुए उसकी सुविधा भी उपलब्ध कराए जाने का आग्रह अपने पत्र में शामिल किया है। 

दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्रालय और इंडिगो के बीच एक अनुबंध हुआ है, जिसके तहत नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों के लिए नि:शुल्क हवाई सेवा जगदलपुर से दिल्ली के लिए शुरु की गई है। नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों के लिए यह एक बड़ी सेवा के तौर पर देखा जा रहा है, जिसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आभार व्यक्त किया है। 

इसके साथ ही डॉ. रमन सिंह ने अपने पत्र में बस्तर के नागरिकों की सुविधाओं का ख्याल करते हुए केंद्रीय उड्डयन मंत्री को लिखा है कि गृह मंत्रालय के अनुबंध के अनुसार सप्ताह में केवल तीन दिन सुरक्षा बल के जवानों के लिए 70 सीटर जगदलपुर से दिल्ली के लिए हवाई सेवा की सुविधा दी जा रही है, उसके स्थान पर 114 सीटर विमान की सुविधा मु​हैया कराई जाए, जिसमें सुरक्षा बल के जवानों के बाद रिक्त सीटों का लाभ बस्तर के लोगों को मिल पाए। 
 

डॉ. रमन सिंह ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि बस्तर से दिल्ली के लिए कोई भी साधन सीधे तौर पर उपलब्ध नहीं है। जिसकी वजह से बस्तर के लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। उन्होंने लिखा है कि यदि सुविधा का विस्तार किया जाता है, तो यह बस्तर के लोगों के लिए बड़ी सुविधा होगी।