रायपुर

इबोला वायरस को लेकर छत्तीसगढ़ में अलर्ट, रायपुर एयरपोर्ट पर नोडल अफसर नियुक्त

रायपुर। अफ्रीका में तेजी से फैल रहे इबोला वायरस संक्रमण को लेकर छत्तीसगढ़ पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती चिंता को देखते हुए रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने पत्र जारी कर स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर तत्काल एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आधिकारिक निर्देश में कहा गया है कि इबोला संक्रमण की रोकथाम, यात्रियों की स्वास्थ्य जांच और आवश्यक प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एयरपोर्ट परिसर में विशेष निगरानी रखी जाए। नियुक्त होने वाले नोडल अधिकारी का मुख्य दायित्व एयरपोर्ट पर उतरने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग व्यवस्था का समन्वय करना होगा। इसके अलावा संदिग्ध मरीजों की पहचान कर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को रिपोर्ट करना, उनके लिए आइसोलेशन और रेफरल व्यवस्था सुनिश्चित करना भी इसी विंग की जिम्मेदारी होगी।

वैश्विक स्तर पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, कांगो और युगांडा में फैले बंडीबुग्यो स्ट्रेन के इबोला संक्रमण के मामले खतरनाक रफ्तार से बढ़ रहे हैं। वहां कई क्षेत्रों में सैकड़ों संदिग्ध मामले सामने आए हैं और बड़ी संख्या में मौतें दर्ज हो चुकी हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार ने भी सतर्कता बढ़ा दी है और कांगो, युगांडा तथा दक्षिण सूडान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सख्त एडवायजरी जारी की है। विदेश और स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपील की है कि यदि कोई यात्री इन देशों से लौटा है और उसे बुखार, कमजोरी, उल्टी या शरीर में दर्द जैसे लक्षण हों, तो वह तुरंत डॉक्टरों से संपर्क करे।