रायपुर

छग में आईएएस अफसर आए कोरोना की जद में... 8 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा संक्रमण... एक और संक्रमित की मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण की रफ्तार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। प्रदेश में 8.06 प्रतिशत की दर से मंगलवार को 466 मरीज संक्रमित मिले हैं, जिसमें रायपुर से 53, तो दुर्ग से 45 मरीज सामने आए हैं। इसी तरह प्रदेश के कुल 26 जिलों में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं, जिसके बाद प्रदेश में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 3 हजार के पार हो गई है। मंगलवार को किए गए जांच में प्रदेश के एक आईएएस अफसर भी संक्रमित पाए गए हैं। 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक राजधानी में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच एक आईएएस अफसर भी संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। सं​क्रमित आईएएस अफसर उच्च शिक्षा सचिव भुवनेश यादव हैं। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद वे होम आइसोलेशन में चले गए हैं, जहां उनका उपचार हो रहा है। 

छत्तीसगढ़ में फिर से कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर रायपुर जिला प्रशासन ने इसके रोकथाम के लिए गाइडलाइन जारी किया है, लेकिन उस पर सख्ती से अमल नहीं हो पा रहा है। लोग खुलेआम सार्वजनिक स्थलों पर बिना मास्क के घुम रहे हैं, तो बाहर से लाई गई चीजों को लेकर भी सावधानियां नजर नहीं आ रही है, जिसकी वजह से प्रदेश में संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। 

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में देशभर में कोविड के कुल 6,660 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 9,213 लोग कोविड-19 से उबरे हैं। वहीं देश में 15 लोगों की मौत इस महामारी से हुई है। दैनिक पॉजीटिविटी रेट 3.52 प्रतिशत और साप्ताहिक पॉजीटिविटी रेट 5.42 प्रतिशत बताई गई है। देश में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या बढ़कर 531,369 हो गई है।