रायपुर

जून में 1998 के बाद पड़ी इतनी तेज गर्मी... चौबीसों घंटे गर्म हवाओं के थपेड़ों से झुलसा प्रदेश... 26 तक मानसून आने के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चौबीसों घंटे गर्म हवाओं के थपेड़ों से पूरा प्रदेश झुलस रहा है। सूर्योदय से पहले क्या और रात की चांदनी की क्या बात की जाए, एक जैसा हाल है। दिनभर सूरज के ताप के साथ गर्म हवाओं के थपेड़े पड़ रहे हैं, तो सूरज ढ़लने के बाद भी पूरी रात गर्म हवाओं से छुटकारा नहीं मिल पा रहा है। इस बार जून में जिस तरह के हालात हैं, उसकी वजह से केवल किसान ही नहीं, बल्कि हर किसी को मानसून की राहत की बूंदों का इंतजार है। 

वर्तमान हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में लू चलने की संभावना जताई है। अगले 24 घंटे के लिए जशपुर, बिलासपुर, सरगुजा, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर, बलौदा बाजार, महासमुंद, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कोरिया, बलरामपुर, बालोद, जशपुर, बेमेतरा, कांकेर, रायगढ़ जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। रायपुर का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान भी 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।

26 तक प्रदेश भर में पहुंचेगा मानसून
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि भले ही अभी कुछ दिन गर्मी से लोगों को और बेहाल होना होगा और लू के भी आसार है। लेकिन राहत वाली बात यह है कि दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदेश भर में मानसून 26 जून तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही गुरुवार से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट भी शुरू हो जाएगा।

इन दिनों सुबह से तपिश शुरू हो जा रही है, जो दोपहर तक और बढ़ जाती है और गर्म हवाओं के साथ तपती धूप से लोग हलाकान हो गए है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि जून की गर्मी में बीते 25 वर्षों का रिकार्ड टूट गया है। इससे पहले वर्ष 1998 में ही जून में ऐसी गर्मी पड़ी है। बीते सात दिनों से लगातार रायपुर सहित प्रदेश भर में अधिकतम तापमान में छह से सात डिग्री की बढ़ोतरी है। दिन के अधिकतम तापमान के साथ ही रात का पारा भी बढ़ा है।