खेल

खेल पुरस्कारः क्रिकेटर मोहम्मद शमी सहित 26 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड और दो को मिला खेल रत्न

डेस्क। भारत के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया। क्रिकेटर मोहम्मद शमी राष्ट्रपति भवन में तालियों की गड़गड़ाहट के बीच पहुंचे। इसमें सबसे बड़ा सम्मान खेल रत्न अवॉर्ड बैडमिंटन की स्टार जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विक साईराज रंकीरेड्डी को मिला है। जबकि स्टार क्रिकेटर मोहम्मद शमी को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इस बार मोहम्मद शमी समेत 26 एथलीट्स को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।

बैडमिंटन खिलाड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी को वर्ष 2023 के प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया था। उन्होंने 2023 में एशियाई खेलों में अपना और बैडमिंटन में देश का पहला स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा एशियाई चैम्पियनशिप और इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 का खिताब भी जीता। यह पुरुष जोड़ी वर्तमान में मलेशिया ओपन सुपर 1000 में खेल रही है और इसलिए समारोह में शामिल नहीं हुई।