देश-विदेश
प्रदेश में "जल-गंगा संवर्धन अभियान" में 212 नदियों में चल रहे कार्य - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा में लक्ष्मणबाग परिसर में आयोजित जनसंवाद सभा में कहा कि जल संरक्षण का कार्य सतत रूप से चलेगा। पूरे प्रदेश में "जल-गंगा संवर्धन अभियान" के तहत प्राचीन जल स्त्रोतों की साफ-सफाई और जीर्णोद्धार किया जा रहा है। प्रदेश में 212 नदियों में साफ-सफाई और जल संवर्धन के कार्य किए जा रहे हैं। अभियान के तहत 3676 करोड़ रुपए के जल संवर्धन के कार्य प्रदेश भर में किए जा रहे हैं। इनमें अब तक 18 लाख से अधिक लोगों ने श्रमदान करके अपनी भागीदारी निभाई है। हम गौ-वंश को निराश्रित नहीं रहने देंगे। गौ-शाला की गायों के लिए आहार की राशि 20 रुपए से बढ़ाकर 40 रुपए कर दी गई है। प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में उपयुक्त स्थान पर बड़ी गौ-शालाओं का निर्माण किया जाएगा जिनमें एक साथ हजारों गौवंश को आश्रय मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रीवा पहुंचकर लक्ष्मणबाग मंदिर परिसर में सबसे पहले गौ-माता की पूजा की एवं गायों को भोजन कराया। मुख्यमंत्री ने "जल-गंगा संवर्धन अभियान" में बिछिया नदी में घाट की सफाई तथा प्राचीन बावड़ी में साफ-सफाई की तथा पारिजात का पौधारोपण। मुख्यमंत्री ने लक्ष्मणबाग मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश के विकास और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में आयोजित जन-संवाद में मुख्यमंत्री ने कहा कि विन्ध्य ऐसी पवित्र भूमि है जहाँ भगवान श्रीराम ने अपने वनवास के 11 वर्ष बिताए। लक्ष्मणबाग मंदिर परिसर बहुत पवित्र है। यहाँ देव स्थान के साथ-साथ पाठशाला, गौ-शाला, जलाशय, नदी और हरे-भरे वृक्ष हैं। इस परिसर में मानव के चारों आश्रमों को पूर्णता मिलती है। यहाँ की प्राचीन बावड़ी बहुत सुंदर हो गई है। इसे जल-गंगा संवर्धन अभियान में नया जीवन मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का तेजी से विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री की विशेष पहल पर आयुष्मान कार्डधारी गरीबों के लिए एयर एंबुलेंस की नि:शुल्क सुविधा शुरू की गई है। इसमें शामिल विमान तथा हेलीकाप्टर में जीवन रक्षक उपकरणों के साथ डॉक्टर तैनात रहेंगे। चित्रकूट, उज्जैन, ओंकारेश्वर तथा अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों को हेलीकाप्टर सेवा के माध्यम से जोड़ा जाएगा। प्रारंभ में उज्जैन से ओंकारेश्वर, इंदौर तथा भोपाल जाने की सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा तेजी से विकास कर रहा है। विन्ध्य क्षेत्र में खनिजों पर आधारित उद्योग स्थापित करके रोजगार के अवसरों का सृजन करेंगे। रीवा और सिंगरौली को आज एयर टैक्सी सुविधा की सौगात मिली है। शीघ्र ही रीवा एयरपोर्ट का लोकार्पण होगा और बड़े विमानों से आवागमन की सुविधा मिलेगी।
Odisha Cabinet Meeting: आज खुलेंगे जगन्नाथ मंदिर के चारों द्वार.... कोरोना काल में किया गया था बंद
डेस्क। ओडिशा में भाजपा सरकार ने शपथ ग्रहण के साथ अपनी पहली कैबिनेट बैठक गुरुवार को ली। बैठक में सीएम ने पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर के सभी चार द्वारों को फिर से खोलने और 12वीं शताब्दी के इस मंदिर की तत्काल आवश्यकता के लिए एक कोष बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य सचिवालय लोक सेवा भवन में अपने मंत्रियों की एक बैठक बुलाई। माझी ने कहा, "राज्य सरकार ने सभी मंत्रियों की मौजूदगी में कल सुबह पुरी जगन्नाथ मंदिर के सभी चार गेट को फिर से खोलने का फैसला किया है. भक्त सभी चार द्वारों से मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे।"
कोरोना महामारी के दौरान किए गए थे बंद
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर के सभी गेट खोलना भाजपा के चुनावी घोषणापत्र के वादों में से एक था. अभी बाकी गेट बंद होने से भक्तों को परेशानी हो रही थी। दरअसल, बीजेडी की पिछली सरकार ने कोविड-19 महामारी के बाद से मंदिर के चारों गेट बंद कर रखे थे. भक्त केवल एक द्वार से ही एंट्री कर पा रहे थे. लंबे समय से सभी द्वार खोलने की मांग की जा रही थी।
मंदिर के लिए बनेगा 500 करोड़ रुपये का फंड
सीएम मोहन चरण माझी ने कहा कि मंदिर के संरक्षण और इसे बेहतर बनाए रखने के लिए मंत्रिमंडल ने 500 करोड़ रुपये का एक फंड बनाने का फैसला किया है. एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि जब गुरुवार (13 जून 2024) को सभी गेट खोले जाएंगे, तब सभी मंत्री पुरी में मौजूद रहेंगे।
धान पर एमएसपी बढ़ाने पर काम जल्द
माझी ने आगे कहा कि राज्य सरकार धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाकर 3100 रुपये प्रति क्विंटल करने के लिए भी कदम उठाएगी और संबंधित विभाग को इसे लेकर कदम उठाने के लिए कहा गया है. उन्होंने कहा कि धान का एमएसपी बढ़ाकर 3100 रुपये प्रति क्विंटल करने के प्रस्ताव को धरातल पर लाने के लिए बहुत जल्द एक समिति का गठन किया जाएगा।
100 दिन के अंदर लागू करेंगे सुभद्रा योजना
माझी ने यह भी दावा किया कि महिला सशक्तीकरण और बाल कल्याण के लिए पिछली बीजद सरकार के प्रयास विफल रहे हैं, इसलिए, नई सरकार 100 दिनों के अंदर सुभद्रा योजना को लागू करेगी, जिसके तहत महिलाओं को 50,000 रुपये का नकद वाउचर मिलेगा।
NEET पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, 1,563 छात्रों को दोबारा देना होगा एग्जाम
डेस्क। नीट को लेकर दाखिल की गई याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई करते हुए कहा कि ग्रेस मार्क्स पाने वाले 1563 छात्रों को फिर से परीक्षा देनी होगी. हम काउंसलिंग पर रोक नही लगाएंगे. इसके लिए सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस जारी करके 2 हफ्ते में जवाब मांगा है। अब अगली सुनवाई 8 जुलाई को होगी। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच नीट यूजी के मामले में सुनवाई कर रही है।
NTA की तरफ से कहा गया कि छात्रों का डर दूर करने के लिए यह निर्णय लिया जा रहा है। नीट यूजी 2024 की परीक्षा में जिन उम्मीदवारों को ग्रेस मार्क्स मिले हैं, उन्हें फिर से परीक्षा दोनी होगी। इस परीक्षा का रिजल्ट 23 जून को जारी किया जाएगा, इसके बाद ही काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
काउंसलिंग पर रोक लगाने की भी मांग याचिकाकर्ताओं ने की है. इनमें से एक याचिका फिजिक्स वाला के सीईओ अलख पांडे ने दायर की थी। दायर की गई याचिका में दावा किया था कि एनटीए का ग्रेस मार्क्स देने का फैसला “मनमाना” था. कथित तौर पर पांडे ने लगभग 20,000 छात्रों से प्रतिनिधित्व एकत्र किया, जिसमें दिखाया गया कि कम से कम 1,500 छात्रों को लगभग 70-80 अंक ग्रेस मार्क्स के रूप में दिए गए थे।
सुप्रीम कोर्ट में नीट यूजी परीक्षा को लेकर दूसरी याचिका एसआईओ के सदस्य अब्दुल्ला मोहम्मद फैज और डॉ. शेख रोशन मोहिद्दीन ने दायर की थी. दायर की गई इस याचिका में नीट-यूजी 2024 के रिजल्टों को वापस लेने और नए सिरे से परीक्षा आयोजित करने की मांग की गई थी. याचिकाकर्ताओं ने ग्रेस मार्क्स देने में मनमानी का आरोप लगाया गया है. इसमें बताया गया कि 720 में से 718 और 719 अंक (कई छात्रों द्वारा प्राप्त) “स्टैटिकली रूप से असंभव” थे।
इसके अलावा यह भी दावा किया गया कि एनटीए द्वारा ग्रेस मार्क्स देना कुछ छात्रों को “लॉस ऑफ टाइम” की भरपाई के बजाय “पिछले दरवाजे से प्रवेश” देने की एक दुर्भावनापूर्ण कवायद थी. याचिकाकर्ताओं ने इस तथ्य के बारे में भी संदेह जताया कि एक स्पेशल सेंटर से 67 छात्रों ने 720 अंकों में से 720 अंक प्राप्त किए हैं।
दायर की गई दूसरी याचिका में याचिकाकर्ताओं ने पेपर लीक के आरोपों की जांच पूरी होने तक NEET-UG 2024 प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली काउंसलिंग पर रोक लगाने की भी मांग की है. उन्होंने परीक्षा के ऑपरेशन में कथित गड़बड़ियों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) के गठन की भी मांग की थी।
विभिन्न श्रेणी के ऊर्जा उपभोक्ताओं के लिए 24 हजार 420 करोड़ रुपए की सब्सिडी का निर्णय
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक मंत्रालय में हुई। मंत्रि-परिषद ने म.प्र. विद्युत नियामक आयोग द्वारा 6 मार्च 2024 को जारी टैरिफ आदेश से वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए लागू विद्युत दरों में राज्य शासन की सब्सिडी देने का निर्णय लिया है। विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में विभिन्न श्रेणियों के उपभोक्ताओं को ऊर्जा विभाग के बजट से सब्सिडी दी जाएगी। मध्यप्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए विद्युत दरों का निर्धारण किया है, जो 1 अप्रैल, 2024 से प्रभावशील हो गई है। सब्सिडी दिए जाने पर वर्ष 2024-25 में 24,420 करोड़ रुपए का वित्तीय भार आयेगा।
मंत्रि परिषद ने स्वास्थ्य संस्थाओं में 46491 नवीन पदों (नियमित/संविदा/आउटसोर्स) के सृजन की स्वीकृति दी जाकर इनमें से 18653 पदों की पूर्ति आगामी 3 वित्तीय वर्ष में करने तथा इन पदों पर राशि 343 करोड़ 29 लाख रूपये के वार्षिक आवर्ती व्यय की स्वीकृति दी। इन पदों में से शेष 27838 पदों की पूर्ति यथावत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के माध्यम से की जायेगी।
प्रदेश की स्वास्थ्य संस्थाओं में विशेषज्ञ सेवायें उपलब्ध कराये जाने तथा स्वास्थ्य सूचकांको में बेहतर प्रदर्शन के लिए चिकित्सीय विशेषज्ञों के 607 पदों की पूर्ति सीधी भर्ती से कराने की मंजूरी दी। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत 07 विशेषज्ञताओं यथा निश्चेतना विशेषज्ञ, मेडिकल विशेषज्ञ, स्त्रीरोग विशेषज्ञ, शिशुरोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट, अस्थि रोग विशेषज्ञ तथा सर्जरी विशेषज्ञ के रिक्त 1214 पर्दो में से 50 प्रतिशत अर्थात् 607 पदों की पूर्ति सीधी भर्ती से कराने की छूट एवं तद्नुसार रिक्त पदों की पूर्ति के लिये मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से विज्ञापन करने की अनुमति दी गई।
मंत्रि-परिषद ने भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग से प्रतिनियुक्ति अथवा विभाग के अधीन प्रशासित संविदा भर्ती नियम 2003 के अंतर्गत संविदा पर लिए जाने का निर्णय लिया गया। संविदा पर भरे जाने की स्थिति में वरिष्ठ परामर्शी (चिकित्सा महाविद्यालय के प्राध्यापक के समकक्ष), परामर्शी (चिकित्सा महाविद्यालय के सह प्राध्यापक के समकक्ष), कनिष्ठ परामर्शी/विशेषज्ञ (चिकित्सा महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक के समकक्ष) और चिकित्सा अधिकारी को समेकित पुनरीक्षित पारिश्रमिक (रूपये) पर नियुक्ति दी जाएगी।
PM सूर्य घर योजना : 300 यूनिट तक बिजली फ्री.., 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी देगी सरकार
नईदिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव से पहले पीएम सूर्य घर फ्री बिजली योजना का ऐलान किया था, जिसके तहत 75 हजार करोड़ के निवेश के साथ 300 यूनिट तक फ्री बिजली देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत 1 करोड़ परिवारों को लाभ देने की योजना है. साथ ही बचे हुए बिजली को बेचकर लाभ भी उठा सकते हैं. इसके अलावा, केंद्र सरकार इस स्कीम के तहत सब्सिडी भी प्रोवाइड कराएगी।
अगर आप भी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत लाभ उठाना चाहते हैं तो आपको सोलर पैनल लगवाने होंगे. हालांकि सोलर पैनल लगवाने से पहले कुछ खास बातों के बारे में विस्तार से जान लेना चाहिए. ताकि आपको योजना का लाभ उठाने में किसी भी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।
कितना आएगा खर्च?
अगर आप सोलर पैनल लगवाने वाले हैं तो इसका खर्च अलग-अलग हो सकता है. 1 किलोवाट के लिए खर्च करीब 90 हजार रुपये, 2 किलोवाट के लिए करीब 1.5 लाख रुपये और 3 किलोवाट के लिए 2 लाख रुपये तक का खर्च आ सकता है।
किसे, कितनी मिलेगी सब्सिडी?
अगर आप किसी आवासीय घर के लिए छत पर सौर पैनल लगाने की योजना बना रहे हैं, तो आप पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सब्सिडी के लिए आवेदन कर सकते हैं. इस योजना के तहत, 1 किलोवाट के लिए 18 हजार रुपये, 2 किलोवाट तक 30,000 रुपये और 3 किलोवाट के लिए कुल सब्सिडी 78,000 रुपये दी जाएगी. सब्सिडी का लाभ उठाने के लिए 85% से अधिक का लोड नहीं होना चाहिए।
4 साल में इतना बचा लेंगे बिजली बिल
छत पर सौर पैनल लगाना एक दीर्घकालिक निवेश है. 1 किलोवाट से 120 किलोवाट घंटे तक बिजली पैदा हो सकती है और 3 किलोवाट के सोलर पैनल से कुल सालाना बचत 7 रुपये प्रति यूनिट पर 30,240 रुपये किया जा सकता है. हालांकि 3 किलोवाट पर लागत 2 लाख रुपये होता है और सब्सिडी 78000 रुपये दिया जाता है तो ऐसे में 1.2 लाख रुपये का लागत पड़ता. यानी कि कुल 4 साल में 30 हजार रुपये की बिजली हर साल बचाते हुए पूरे लागत की भरपाई कर पाएंगे।
अयोध्या को लेकर बड़ा फैसला लेने जा रही मोदी सरकार : अयोध्या में NSG सेंटर खोलने पर विचार
डेस्क | अयोध्या में राम मंदिर की सुरक्षा को लेकर मोदी सरकार बड़ा फैसला लेने जा रही है. सरकार अयोध्या में NSG सेंटर खोलने पर विचार कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, अभी प्रपोजल तैयार किया जा रहा है, फैसले पर अंतिम मुहर गृह मंत्रालय लगाएगा | इसी साल 22 जनवरी को पीएम मोदी ने राम मंदिर का उद्घाटन और राम लला की प्राण प्रतिष्ठा की थी | इसके बाद से ही हर रोज हजारों-लाखों श्रद्धालु राम मंदिर के दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं |
अयोध्या में राम मंदिर की सुरक्षा के मद्देनजर और श्रद्धालुओं के मूवमेंट को देखकर एनएसजी कमांडो सेंटर खोलने की तैयारी कर रही है | केंद्र सरकार वीआईपी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है | नये मंत्रियों के प्रभार संभालने और अत्यधिक जोखिम का सामना कर रहे एक दर्जन से अधिक व्यक्तियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी एनएसजी और आईटीबीपी से अन्य अर्द्धसैनिक बलों को हस्तांतरित की जा सकती है |
गृह मंत्रालय के तहत आने वाले इस महत्वपूर्ण विषय की समीक्षा जल्द ही किये जाने की उम्मीद है और विभिन्न राजनीतिक हस्तियों, पूर्व मंत्रियों, सेवानिवृत्त नौकरशाहों तथा कुछ अन्य लोगों को दिया गया सुरक्षा कवर या तो वापस ले लिया जाएगा, घटाया जाएगा या बढ़ा दिया जाएगा | यह भी निर्णय लिया गया है कि VIP की सुरक्षा ड्यूटी से ‘ब्लैक कैट’ कमांडो को पूरी तरह से हटाने के काफी समय से लंबित प्रस्ताव को अब लागू किया जाएगा और सभी नौ व्यक्तियों की ‘जेड-प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की वीआईपी सुरक्षा इकाई को सौंपी जाएगी |
कुवैत के एक इमारत में भीषण आग लगी : मरने वालों में दस भारतीय नागरिक
10 भारतीयों समेत 43 लोगों की दर्दनाक मौत
जिस इमारत में आग लगी है, वह केरल के रहने वाले एक शख्स की है
डेस्क | कुवैत के मंगाफ शहर में बुधवार सुबह एक इमारत में आग लगने से कम से कम 43 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में से दस भारतीय नागरिक होने की पुष्टि हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्टेट मीडिया को बताया कि बुधवार सुबह दक्षिणी कुवैत के मंगाफ शहर में एक इमारत में आग लगी, इस इमारत में भारत और एशिया के मजदूर रहते हैं।
इस हादसे में 43 लोग मारे गए है और लगभग 40 लोग के घायल होने की आशंका हैं। मेजर जनरल रशीद हमद ने कहा कि घटना की सूचना स्थानीय समयानुसार सुबह छह बजे अधिकारियों को दी गई, इसके बाद राहत और बचाव का काम शुरू किया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग एक फ्लैट के किचन से शुरू हुई और देखते देखते पूरी इमारत में फैल गई।
जिस इमारत में आग लगी है, वह केरल के रहने वाले एक शख्स की है ऐसा बताया जाता है। इमारत में भी ज्यादातर दक्षिण भारत के ही लोग थे। मरने वाले दस भारतीय नागरिकों में से भी पांच केरल के थे। कुवैत के उप प्रधान मंत्री फहद यूसुफ अल सबा ने घटनास्थल का दौरा किया और पुलिस घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस कमांडर ने स्टेट टीवी को बताया कि जिस इमारत में आग लगी, उसमें मजदूरों के क्वार्टर बने हैं। हादसे के समय भी वहां बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद थे। दर्जनों लोगों को बचा लिया गया लेकिन दुर्भाग्य से आग से निकलने वाले धुएं के कारण कई लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। कुवैती स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि आग के कारण लगभग 43 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
भारतीय वायुसेना ने आम चुनाव-2024 के सात चरणों में से पांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई
भारतीय वायुसेना का प्रयासः आम चुनाव-2024
नई दिल्ली | भारतीय वायु सेना के परिवहन और हेलीकॉप्टर बेड़े युद्ध और शांतिकाल में विभिन्न कार्य करते हैं। वायु रखरखाव, घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय अभ्यासों के दौरान लड़ाकू सैनिकों की एयरलिफ्ट द्वारा हमारे सैनिकों के रखरखाव की शांतिकालीन भूमिका के अलावा, राष्ट्र निर्माण की दिशा में अनेक कार्य किए जाते हैं। भारतीय वायुसेना विशेष रूप से नागरिक सहायता में सबसे आगे रही है। आम चुनाव-2024 के दौरान, पिछले कुछ महीनों में मीडियम लिफ्ट हेलीकॉप्टरों (एमआई-17 वैरिएंट), हल्के उपयोगी हेलीकॉप्टरों (चेतक) और स्वदेशी रूप से निर्मित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टरों (एएलएच) ध्रुव द्वारा पर्याप्त उड़ान कार्य किए गए हैं।
भारतीय वायुसेना इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की एयरलिफ्टिंग करने और भारत निर्वाचन आयोग के कर्मियों को ड्यूटी पर तैनात करने के कार्यों में इसी प्रकार सक्रिय रूप से शामिल रही है, जैसा इसने पिछले आम चुनाव / विधानसभा चुनावों के दौरान किया था। आम चुनाव 2024 के दौरान, भारतीय वायुसेना ने देश के दूरदराज के उन क्षेत्रों में भारत निर्वाचन आयोग की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जहां सड़क मार्ग से आवाजाही एक सुरक्षा चिंता बनी हुई थी। यह काम समयबद्ध था क्योंकि मतदान अधिकारियों को चुनाव की तारीख से दो दिन पहले ही प्रत्येक दूरस्थ मतदान केंद्र पर तैनात किया जाना था और मतदान के बाद उन्हें वापस भी लाना था।

भारतीय वायुसेना ने आम चुनाव-2024 के सात चरणों में से पांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसने 1750 से अधिक प्रयासों में 1000 घंटे से अधिक की उड़ान भरी है। इस कठिन कार्य को सुरक्षा, मौसम, सड़क संपर्क आदि को ध्यान में रखते हुए परिसंपत्तियों के अधिक से अधिक उपयोग के लिए नोडल अधिकारियों के माध्यम से विभिन्न राज्यों के निर्वाचन आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्तों (सी. ई. सी.) के साथ गहन तालमेल से पूरा किया गया था। भारतीय सेना (आई. ए.) और बी. एस. एफ. की हेलीकॉप्टर परिसंपत्तियों को भी आम चुनाव-2024 के सहज संचालन की समग्र योजना में शामिल किया गया था।
एन. चंद्रबाबू नायडू ने आज चौथी बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हुये शामिल
विधानसभा चुनावों में एनडीए ने दर्ज की है प्रचंड जीत
चंद्रबाबू नायडू चुने गए थे विधायक दल के नेता
पीएम मोदी समेत भाजपा के कई बड़े नेता शपथ ग्रहण में हुए शामिल
डेस्क | टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को चौथी बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। विजयवाड़ा में हुए आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे। शपथ ग्रहण के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने गले लगाकर मुख्यमंत्री नायडू को बधाई दी। विधानसभा चुनावों में चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में एनडीए ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की है, जिसमें भाजपा के साथ ही पवन कल्याण की पार्टी जन सेना भी शामिल है।
चंद्रबाबू नायडू के बाद जन सेना पार्टी प्रमुख पवन कल्याण ने पद तथा गोपनीयता की शपथ ली। तीसरे नंबर पर चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश ने शपथ ली। शपथ लेने के बाद नारा लोकेश ने प्रधानमंत्री के पैर पड़ने की कोशिश की, लेकिन मोदी ने रोक लिया।
शपथ ग्रहण समारोह विजयवाड़ा के बाहरी इलाके में गन्नावरम हवाई अड्डे के पास केसरपल्ली आईटी पार्क में हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा और एनडीए के कई बड़े नेता शामिल हुए।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी, रामदास अठावले, अनुप्रिया पटेल और चिराग पासवान, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल और पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू आदि नेता शामिल हुए |
इससे पहले मंगलवार को आंध्र प्रदेश में एनडीए विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें चंद्रबाबू को विधायक दल के नेता चुना गया। पवन कल्याण को डिप्टी सीएम बनाए की अटकले हैं।
टीडीपी महासचिव और नायडू के बेटे नारा लोकेश तथा जनसेना के नेता एन मनोहर को भी मंत्रिमंडल में स्थान मिल सकता है।
शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के बाद प्रधानमंत्री के दोपहर 12.40 बजे हवाई अड्डे लौटने और 12.45 बजे भुवनेश्वर के लिए उड़ान भरने की संभावना है।
प्रधानमंत्री मोदी आज भुवनेश्वर में : नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में आ रहे
भारतीय जनता पार्टी पहली बार सरकार बना रही है ओडिशा में
पार्टी शपथ ग्रहण उत्सव से पहले भव्य रोड शो के जरिए एक बार फिर अपनी शक्ति का प्रदर्शन करेगी
डेस्क | ओडिशा में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भुवनेश्वर में रोड शो करेंगे आज। मोदी आज 12 जून बुधवार शाम को रोड शो करने वाले हैं। रोड शो जयदेव विहार से जनता मैदान तक होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने ओडिशा आ रहे हैं।
12 जून को ओडिशा के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह निर्धारित किया गया है। शपथ ग्रहण उत्सव जनता मैदान में होगा। ऐसे में जनता मैदान में भाजपा की तरफ से तैयारी शुरू हो गई है। इस शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी भाग लेने वाले है | इसे देखते हुए सुरक्षा के तगड़े इंतजाम पुलिस की तरफ से किया गया है।
ओडिशा में पहली बार भारतीय जनता पार्टी अपने सरकार बनाने जा रही है। 24 वर्ष से लगातार सत्ता में रही बीजू जनता दल से सत्ता छीनने के बाद भाजपा की तरफ से शपथ ग्रहण समारोह को उत्सव की तरह यादगार बनाने की पूरी तैयारी चल रही है। पार्टी शपथ ग्रहण उत्सव से पहले भव्य रोड शो के जरिए एक बार अपनी शक्ति का प्रदर्शन करेगी। वहीं शपथ ग्रहण उत्सव एवं प्रधानमंत्री के रोड शो को देखते हुए पुलिस की तरफ से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
भारत और जापान का संयुक्त समुद्री अभ्यास : 2024 (जिमेक्स – 24) जापान के योकोसुका में प्रारंभ हुआ
पिछले कुछ वर्षों में अपने बढ़ते दायरे व मैत्रीपूर्ण अभ्यास गतिविधियों में बढ़ोतरी के साथ जिमेक्स 24 दोनों देशों को एक-दूसरे की सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों से सीखने का अवसर प्रदान करता है और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि करने के लिए भारतीय नौसेना व जापान की नौसेना के मध्य परिचालन संबंधी कार्रवाई को सुविधाजनक बनाता है।

Big news : ओडिशा के नए सीएम का ऐलान, मोहन माझी को चुना गया विधायक दल का नेता
डेस्क। ओडिशा में सत्ता परिवर्तन के बाद मंगलवार को नए सीएम के नाम पर मुहर लग गई है। मंगलवार शाम को हुई विधायक दल की बैठक में मोहन माझी को विधायक दल का नेता चुना गया। इसके साथ ही ओडिशा के नए सीएम के नाम से पर्दा उठ गया। आज हुई विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव मौजूद रहे।
ओडिशा में भाजपा विधायक दल का नेता चुनने के लिए शाम साढ़े चार बजे बैठक शुरू हुई। इस बैठक में राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव भी मौजूद रहे। मोहन माझी को विधायक दल का नेता चुनने के बाद अब भाजपा नेता राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा करेंगे। बुधवार को सीएम पद का शपथ ग्रहण समारोह होगा। शपथ ग्रहण के लिए भाजपा ने बीजद नेता नवीन पटनायक को भी आमंत्रण दिया है। शपथ ग्रहण समारोह के चलते ओडिशा में 12 जून को आधे दिन की छुट्टी देने का एलान किया गया है।
बता दें ओडिशा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की 147 विधानसभा सीटों में से 78 पर जीत दर्ज की है। वहीं बीजद 51 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है। कांग्रेस को राज्य में 14, सीपीआईएम को 1 सीट मिली है। वहीं तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं।
PM Modi ने राज्य सरकारों के लिए खोला खजाना, UP को 25,069 करोड़ तो छत्तीसगढ़ को मिला 4761 करोड़
नईदिल्ली। केंद्र सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई बड़े फैसले लिए। वित्त मंत्रालय ने राज्यों को टैक्स डिवोल्यूशन की राशि भी ट्रांसफर की है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पदभार संभालने के तुरंत बाद बड़ा फैसला लेते हुए देश के सभी राज्यों को कुल 1,39,750 करोड़ रुपये का टैक्स डिवोल्यूशन जारी करने को हरी झंडी दिखाई। सबसे ज्यादा पैसा 25,069 करोड़ रुपये उत्तर प्रदेश को दिया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ को 4761.30 करोड़ रुपये दिये गए हैं।
वित्त मंत्रालय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। वित्र मंत्रालय ने मध्य प्रदेश को 10 हजार 970 करोड़, बिहार को 14056 करोड़ और पड़ोसी राज्य ओडिशा को 6327 करोड़ रुपये मिले हैं। केंद्र की ओर से उत्तर प्रदेश को 25,069.88 करोड़ रुपये दिए हैं। वहीं गठबंधन के मजबूत सहयोगी नीतीश कुमार के नेतृत्व वाला बिहार दूसरे नंबर पर है।
वित्त मंत्रालय ने बिहार के लिए 14,056.12 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए हैं। इस लिस्ट में सबसे ज्यादा पैसा पाने वाला तीसरा राज्य मध्य प्रदेश है। केंद्र सरकार ने राज्यों को कर हस्तांतरण का कुल ₹1,39,750 करोड़ की किस्त जारी किया है। वहीं आज की रिलीज के साथ, वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 10 जून 2024 तक राज्यों को कुल ₹2,79,500 करोड़ हस्तांतरित किए जा चुके हैं।

नहीं रुकेगी NEET की काउंसलिंग…..सुप्रीम कोर्ट ने NTA से मांगा जवाब.. अगली सुनवाई 8 जुलाई
डेस्क। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि NEET की काउंसलिंग नहीं रुकेगी। वहीं परीक्षा में धांधली के आरोपों को लेकर कोर्ट ने परीक्षा करवाने वाली एजेंसी एनटीए को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। बता दें कि देशभर में छात्र इस मामले को लेकर सड़कों पर उतरे हैं। वहीं इस मामले की सीबीआई जांच को लेकर कई याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट में फाइल की गई हैं। पहले कोर्ट जुलाई में मामले की सुनवाई करने वाला था। हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले सुनवाई करने का फैसला किया गया
बता दें कि कई याचिकाओं में NEET के परिणामों को रद्द करके फिर से परीक्षा कराने की मांग की गई है। सुप्रीम कोर्ट ने एनटीए से कड़े शब्दों में कहा कि परिणामों पर धांधली के आरोपों के बाद परीक्षा की पवित्रता पर सवाल उठे हैं और इसपर हमें जवाब चाहिए। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने नीट यूजी 2024 की काउंसलिंग पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। अब मामले की अगली सुनवाई 8 जुलाई को होगी।
जस्टिस विक्रम नाथ और अहसानुद्दीन अमानतुल्लाह की बेंच मामले की सुनवाई कर रही थी। बता दें कि 4 जून को नीट यूजी परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का जबलपुर के रोड शो में जगह-जगह लोगों ने किया स्वागत
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर में गौतम जी की मढिया से पंडा की मढिया तक रोड शो किया। इस दौरान सड़कों के आस-पास, घरों की छतों से, बालकनियों से जगह-जगह लोग मुख्यमंत्री की एक झलक पाने को आतुर दिखे। लोगों में रोड शो को लेकर असीम उत्साह दिखाई दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रोड शो के दौरान उपस्थित विशाल जन समूह का अभिवादन स्वीतकार किया। जगह-जगह पंडाल लगाकर मुख्यमंत्री का फूल मालाओं से स्वावगत किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रोड शो के दौरान जल गंगा अभियान अंतर्गत जल स्त्रोतों को अविरल बनाने के उद्देश्य से राधा कृष्ण बावड़ी पहुंचकर अवलोकन किया तथा आचमन किया। उन्होंने जल मंदिर में स्थित भगवान महादेव से प्रदेश के कल्याण की प्रार्थना भी की। उल्लेखनीय है कि लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह के प्रयासों से पुराने जल संरचनाओं को नये स्वरूप में लाने के अभियान के तहत उक्त जल संरचना को पुनर्जीवित कर अद्भुत जल मंदिर का रूप दिया।
कहा जाता है कि पहले उस बावड़ी में कचरा, गंदगी व वहां जमे गाद के कारण वह बावड़ी गुमनाम जैसी हो गयी थी। लेकिन बावड़ी का चिन्हांकन कर उसे आधुनिक स्वरूप में लाकर जल मंदिर का रूप दिया गया। जहां लोग उस जल मंदिर के दर्शन के लिये जाते है और जल संरक्षण की दिशा में एक नई प्रेरणा लेकर आते है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव को इस आधुनिक जल मंदिर को नये स्वरूप में लाने की जीवनगाथा के बारे में लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने उन्हें जानकारी दी।
संग्राम सागर तालाब स्वच्छता के लिए सीएम ने किया श्रमदान.... बोले-जल धरोहरों को सहेजना एवं संवारना हम सभी का दायित्व
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति सरकार की प्रतिबध्ता व्यक्त करते हुये कहा कि शासन द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस को एक दिवसीय कार्यक्रम के रूप में न मनाकर "जल-गंगा संवर्धन अभियान" के रूप में 5 जून से 16 जून का सम्पूर्ण पखवाड़ा जल संरक्षण एवं संवर्धन के रूप में मनाने का फैसला लिया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बाजना मठ में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत संग्राम सागर तालाब की स्वच्छता के लिये श्रमदान करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जल-गंगा संवर्धन अभियान में संपूर्ण प्रदेश के प्रत्येक जिले में नदी, तालाबों, चैकडेम पुरानी बावडि़यों की जन सहयोग से साफ-सफाई तथा जल संरचनाओं के पुनर्जीवन का महाभियान सम्पूर्ण प्रदेश में जारी है।
जनसभा में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह, विधायक श्री अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदू, डॉ. अभिलाष पांडे एवं संतोष वरकड़े, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया, श्री सुभाष तिवारी रानू, श्री प्रभात साहू, पूर्व मंत्री श्री हरेन्द्र जीत सिंह बब्बू, श्री विनोद गोंटिया, डॉ. जितेन्द्र जामदार, अखिलेष जैन भी मौजूद थे।
जनसभा की शुरूआत में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 1373 करोड़ के 48 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के समक्ष ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कुंडम की महिला स्व सहायता समूह द्वारा कोदो-कुटकी के उत्पादों को सांची पार्लर में विक्रय करने दुग्ध संघ के साथ करार भी किया गया तथा विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभांवित भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पृथ्वी में मनुष्य रूप में जन्म लेना सौभाग्य की बात है। मनुष्य के लिए सम्पूर्ण पृथ्वी ही उसका घर है। उन्होंने कहा कि इस दृष्टि से पृथ्वी की जल धरोहर को संवारने एवं सहजने का हम सब का दायित्व है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गोंडवाना साम्राज्य की रानी दुर्गावती द्वारा किये गये विकास एवं जल संवर्धन के कार्यो का भी उल्लेख किया।
आतंकवादी हमला करने वाले आरोपियों की तलाश में सेना और CRPF की 11 टीम : जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले की घटना
डेस्क | रविवार को जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में तीर्थयात्रियों की बस पर बड़ा आतंकवादी हमला हुआ था, जिसमे 9 लोगों की मौत हो गई थी। और करीब 41 लोग हमले में घायल हो गए थे। तीर्थयात्रियों की बस शिव खोड़ी मंदिर से माता वैष्णो देवी मंदिर के बेस कैंप कटरा की ओर वापस जा रही थी, तभी जंगल में छिपे आतंकवादियों ने बस पर घात लगाकर हमला कर गोलीबारी की। ये बस उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली से तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही थी।
आतंकियों ने पहले बस के ड्राइवर को गोली मारी, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और बस गहरे खाई में जा गिरी। आतंकी काफी देर तक गोलीबारी करते रहे। हमले में बस के ड्राइवर और कंडक्टर दोनों की ही मौत हो गई | हमले में किसी तरह बच गए यात्रियों ने बताया कि बस के खाई में गिरने के बाद भी आतंकवादी गोली बरसाते रहे।