रायपुर। छत्तीसगढ़ में चल रही ईडी की जांच के बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने केंद्र सरकार पर सरकारी जांच एजेंसी के दुरुपयोग का आरोप लगाया। लखनऊ में पीसीसी कार्यालय में प्रेसवार्ता के लिए जाने से पहले मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि महादेव एप में भाजपा के लोगों का नाम आया तो अब कार्रवाई नहीं हो रही है।
मुख्यमंत्री अपने ट्वीटर पर वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि आज छत्तीसगढ़ में फिर ED आयी है। पहले महाराष्ट्र में सभी सरकारी एजेंसी खूब जाती थीं, लेकिन जैसे ही ख़रीद-फ़रोख़्त से “खोखे OK” वाली सरकार बनी, एजेंसियाँ महाराष्ट्र नहीं जा रही हैं। महादेव एप में भाजपा के लोगों का नाम आया तो अब कार्रवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि उद्योगपति, व्यापारी, विधायक, किसान कोई नहीं बचा। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक में कोई कार्रवाई नहीं होती। महाराष्ट्र में जब तक उद्धव ठाकरे की सरकार थी, तब तक वहां सारी एजेंसियां सक्रिय थी। अब जब वहां खरीद फरोख्त से “खोखे OK” वाली सरकार बनी तो एजेंसियां वहां जाना बंद कर दी।
उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी को निष्पक्ष होना चाहिए। कर्नाटक में एक विधायक के घर 6 करोड़ रुपये मिले, जिसे जमानत मिल गई थी। जिसे हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया। वहां जांच नहीं होती। अडानी की संपत्ति पर 60 फीसद की कमी आई, वहां ईडी छापा नहीं मारती है। चिटफंड कंपनियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती। महादेव एप में कई नेताओं के नाम सामने आ गए। इस पर भाजपा कोई चर्चा नहीं करती और न ईडी कोई कार्रवाई करती है।