छत्तीसगढ़ में मॉनसून की रफ्तार तेज़, 30 जून से भारी बारिश की चेतावनी
छत्तीसगढ़ में मॉनसून की रफ्तार अब तेज़ होने वाली है। मौसम विभाग ने 30 जून से पूरे प्रदेश में बारिश की तीव्रता में इज़ाफ़ा होने की संभावना जताई है। बीते 24 घंटों के दौरान कई जिलों में भारी वर्षा हुई, वहीं अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।
जांजगीर-चांपा और बलौदाबाजार जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं शेष प्रदेश में सामान्य से मध्यम बारिश देखने को मिली। प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग और उससे सटे क्षेत्रों में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा, जिससे छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी।
अगले 24 घंटों के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है — जिसमें प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा और मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।”
29 जून को बिलासपुर शहर में आसमान सामान्यतः मेघाच्छादित रहने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 30.8°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रहने का अनुमान है। मॉनसून के इस बदले मिजाज़ को देखते हुए किसान और आम नागरिक सतर्क रहें