बोले टीएस बाबा... बंद कमरे में हुई बात कहने में स्वतंत्र नहीं हूं... पर एक दिन जरुर करूंगा खुलासा
2023-04-02 07:54 PM
520
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव कई बार ऐसा बयान दे जाते हैं, जिसके बाद छत्तीसगढ़ की सियासत में जोरदार तड़का लग जाता है। हालांकि उन बयानों के बाद बात को संभालने की कला भी सरगुजा महाराज को बखूबी आती है। फिलहाल चर्चा उनके ताजा बयान को लेकर छिड़ी हुई है, जिसकी वजह से प्रदेश में कांग्रेस की सियासी फिज़ा जोरदार तरीके से गर्माई हुई है।
बीते दिनों पत्रकारों से चर्चा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा ’हां, मैं मुख्यमंत्री बनना चाहता हूं। कल भी बनना चाहता था और आज भी बनना चाहता हूं। मुझमें भी कम सही, पर क्षमताएं हैं, जिससे छत्त्तीसगढ़ के विकास के लिए काम कर सकता हूं।’ टीएस सिंहदेव का यह बयान छत्तीसगढ़ में सियासी तूफान खड़ा करने के लिए अपने आप में पर्याप्त है।
टीएस सिंहदेव ने अपनी बातों को रखते हुए कहा कि कांग्रेस ने मुख्यमंत्री का चेहरा सामने रखकर चुनाव नहीं लड़ा था। चुनाव जीतने के बाद पार्टी आलाकमान ने डॉ. चरणदास महंत, ताम्रध्वज साहू, भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव को दिल्ली बुलाया। बंद कमरे में चर्चा के बाद भूपेश बघेल का नाम तय किया गया।
वहीं उन्होंने एक बार फिर ढ़ाई-ढ़ाई साल के मुद्दे को लेकर कहा कि मीडिया में इसकी चर्चा जोरों पर थी। हकीकत के सवाल पर मंत्री सिंहदेव बोले कि चूंकि चर्चा बंद कमरे में हुई थी, इसलिए उन बातों को कहने के लिए मैं स्वतंत्र नहीं हूं, लेकिन समय रहते इस बात का खुलासा एक दिन जरुर करूंगा। आने वाले चुनाव को लेकर टीएस सिंहदेव ने कहा कि पार्टी का जैसा निर्देश होगा, उस दायित्व का निर्वहन करूंगा।