रिंग रोड में बेतरतीब खड़ी की जा रही ट्रकें, 32 मालवाहक वाहनों पर पुलिस ने की कार्रवाई
2023-04-05 11:15 AM
366
रायपुर। रिंग रोड लापरवाही पूर्वक खतरनाक ढंग से नो पार्किंग में वाहन खड़ी कर दूसरों की जान को संकट मे डालने वाले भारी मालवाहक वाहनों के विरूद्ध रायपुर पुलिश ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान नो पार्किंग में खड़ी 32 भारी मालवाहक वाहन के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई। बुलेट मोटर साइकिल के सायलेंसर में फ़टाखे की आवाज़ करने वालो के वाहन जप्त करने के साथ कुल 45 मोटर सायकल पर कार्यवाही की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शहर से होकर गुजरने वाले रिंग रोड के सर्विस रोड में भारी मालवाहक वाहन चालकों द्वारा अवैध रूप से यातायात बाधित कर लापरवाही पूर्वक दूसरों की जान को संकट में डालते हुए नो पार्किंग पर वाहन खड़ी करने की शिकायत प्राप्त मिल रही थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी प्रशांत कुमार अग्रवाल ने विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे।
आभियान के दौरान कुल 32 भारी मालवाहक वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। जिसमें 26 वाहनों के विरुद्ध नो पार्किंग में चालानी कार्यवाही की गई एवं 6 वाहनों पर थाना आमानाका में भादवि की धारा 283 के तहत एफआईआर दर्ज कर कार्यवाही किया गया। साथ ही सायलेंसर से फटाखे की आवाज़ निकालने वाले 8 बुलेट मोटर सायकल को जब्त किया गया है। तीन सवारी, रांग साइड चलने वाले 22 अन्य वाहनों को फ़ाइन काट कर छोडा गया।
बता दें कि रिंग रोड में नो पार्किंग में खड़ी माल वाहक वाहनों के विरुद्ध रायपुर पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्यवाही की जाती है । वर्ष 2023 में जनवरी से मार्च तक 3 माह के भीतर नो पार्किंग में खड़ी होने वाले 338 भारी मालवाहक वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की जा चुकी है किंतु अभी भी कुछ वाहन चालकों द्वारा बार-बार लापरवाही पूर्वक सर्विस रोड में नो पार्किंग पर वाहन खड़ा कर दिया जाता है।