भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो खड़े ट्रक से टकराई, 5 की मौत, 7 गंभीर रूप से घायल
2025-11-19 01:39 PM
102
कोंडागांव| मसोरा टोल नाका के पास बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो हाईवे के किनारे खड़े खराब ट्रक से जा टकराई।
पुलिस के मुताबिक, घटना मंगलवार रात मसोरा टोल प्लाजा के पास हुई। स्कॉर्पियो में 12 लोग सवार थे, जो कोंडागांव से फिल्म देखकर बड़े डोंगर–भैंसाबेड़ा लौट रहे थे। अचानक गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से भिड़ गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इनमें लखन मडावी, भूपेंद्र मडावी, रूपेश मडावी, नूतन मांझी और शत्रुघ्न मांझी शामिल हैं। हादसे में घायल सात लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जगदलपुर रेफर किया गया है।
इस हादसे के बाद टोल प्लाज़ा प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि टोल पर क्रेन और आपातकालीन राहत वाहन उपलब्ध नहीं थे। मृतकों के परिजनों का कहना है कि यदि क्रेन की सुविधा होती, तो खराब ट्रक को समय रहते हटाया जा सकता था और यह दुर्घटना टल सकती थी।