छत्तीसगढ़

पेंशनर्स के लिए बड़ी खबर! अब किसी भी बैंक में जमा कर सकेंगे डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट…

 राज्य शासन ने पेंशनर्स के हित में डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत अब पेंशनर्स को केवल अपनी मूल बैंक शाखा में ही जाने की आवश्यकता नहीं होगी। वे किसी भी बैंक में जाकर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं। साथ ही घर बैठे “Jeevan Pramaan” मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र सबमिट करने की सुविधा भी उपलब्ध है।

भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय तथा संचालनालय पेंशन एवं भविष्य निधि, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार यह सुविधा सभी पेंशनर्स के लिए लागू की गई है। संचालक पद्मिनी भोई साहू ने सभी बैंकों और जिला कोषालयों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि अधिकतम संख्या में पेंशनर्स के डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जल्द से जल्द प्राप्त किए जाएं ताकि किसी पेंशनर की पेंशन बाधित न हो। बैंकों को इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

इन निर्देशों के पालन में भारतीय स्टेट बैंक सहित अन्य बैंकों द्वारा “डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र मिशन 4.0” के तहत विभिन्न शहरों में विशेष कैम्प लगाए जा रहे हैं। इनमें फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के माध्यम से पेंशनर्स के डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जनरेट किए जाएंगे। पेंशनर्स के लिए यह प्रक्रिया पहले से और सरल हो गई है।

Digital Life Certificate : भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार, अब देशभर में सभी बैंक अपनी शाखाओं में आने वाले प्रत्येक पेंशनर का डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जनरेट करने के लिए उत्तरदायी होंगे, चाहे पेंशनर का खाता किसी भी बैंक में हो। पेंशनर्स से अपील की गई है कि वे समय पर अपना लाइफ सर्टिफिकेट जमा करें ताकि उनकी पेंशन निर्बाध रूप से जारी रहे।