President’s Visit : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अंबिकापुर दौरा, 8 महीने में दूसरी बार आईं छत्तीसगढ़
अंबिकापुर आज एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बन रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज 8 महीने में दूसरी बार छत्तीसगढ़ पहुंचीं हैं। राष्ट्रपति भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल हो रही हैं। कार्यक्रम को लेकर पूरा अंबिकापुर को सजाया गया है।
राष्ट्रपति मुर्मू वायुसेना के हेलिकॉप्टर से अंबिकापुर पहुंचीं। पीजी कॉलेज मैदान में होने वाले प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में वे बतौर मुख्य अतिथि शामिल हो रही हैं। राज्यपाल रामेन डेका इस समारोह की अध्यक्षता कर रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव, राज्यमंत्री दुर्गा दास उइके और तोखन साहू भी कार्यक्रम में मौजूद हैं।
अपने इस प्रवास के दौरान राष्ट्रपति 2 योजनाओं का उद्घाटन कर सकती हैं। पहली योजना परंपरागत उपचार करने वाले वैद्यों के लिए है, जिसमें उनकी विधाओं को संरक्षित करने की पहल की जाएगी।इसके साथ ही स्थानीय देवस्थलों से जुड़ी योजना का शुभारंभ भी किया है। स्थानीय लोग भी इसे बड़ी उम्मीदों से देख रहे हैं क्योंकि इन योजनाओं से जनजातीय क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है।
राष्ट्रपति आज 80 साल के हो चुके बसंत पंडो से भी मुलाकात कर सकती हैं। 1952 में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने सरगुजा प्रवास के दौरान बसंत को गोद में उठाकर नाम दिया था। राष्ट्रपति मुर्मू को सरगुजा पहुंचने वाली देश की दूसरी राष्ट्रपति माना जा रहा है। बसंत पाडो ने 70 साल बाद राष्ट्रपति से मिलने की इच्छा जाहिर की थी जिसके बाद राष्ट्रपति से उनकी मुलाकात की संभावनाएं जताई जा रही है।