वनांचल में फिर दी हाथियों ने दस्तक, आठ माह बाद महाराष्ट्र से लौटे छत्तीसगढ़
2023-04-12 02:15 PM
177
रायपुर। प्रदेश के कई जिलों में हाथियों का उत्पात जारी है। अंबिकापुर और सरगुजा अंचल से हाथियों के उत्पात की ज्यादा खबरें आती है। वहीं राजनांदगांव के वनांचल क्षेत्र में भी हाथियों का उत्पात रह- रहकर होता रहता है। करीब आठ माह महाराष्ट्र में बिताने के बाद भारी भरकम हाथियों का एक दल मोहला-मानपुर के जंगलों में पहुंच गया है।
25 हाथियों का झुड़ गढ़चिरौली जिले का बार्डर क्रास कर छत्तीसगढ़ में दो दिन पहले प्रवेश कर चुका है। हाथियों का दल मोहला ब्लाक के परवीडीह में देखा गया है। जो मानपुर के सुडियाल बुकमरका की ओर बढ़ रहा है। हाथियों के पहुंचते ही वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी करा दी है, और लोगों को अलर्ट कर रहा है।
गरियाबंद से धमतरी, बालोद होते हुए दो साल पहले 25 हाथियों के दल ने राजनांदगांव जिले में दस्तक दी थी। महीनों यहां के जंगलों में जमकर उत्पात मचाने के बाद वे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले की ओर कूच कर गए थे। आठ माह महाराष्ट्र में विचरण करने के बाद इन हाथियों का दल एक बार फिर छत्तीसगढ़ लौट आया है।
जंगली जानवर से जानमाल की रक्षा के लिए वन विभाग की अलग-अलग टीमें लगातार गांवों मे मुनादी करा रही है। वहीं लोगों को अलर्ट किया जा रहा है। गांव के घरों को बचाने के लिए लोगों को रात में अलाव जलाने और लाइट जलाने की सलाह दी जा रही है। वन अमले की टीम हाथियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।