दंतेवाड़ा में नक्सली हमला... 11 जवानों की शहादत पर... सीएम और गृहमंत्री का बयान... सुनिए क्या कहा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार को हुए नक्सली हमले में 11 जवानों की शहादत ने एक बार फिर आग लगा दिया है। माओवादियों ने आईईडी ब्लास्ट कर सर्चिंग से लौट रहे जवानों को टारगेट किया, जिसमें उनका निशाना सही बैठ गया और एक ही वाहन में सवार 11 जवान मौके पर ही शहीद हो गए।
इस नक्सली हमले के बाद प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने बताया कि अरनपुर थाना क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों की गोपनीय सूचना इंटेलीजेंस के माध्यम से मिली थी, जिसके बाद डीआरजी के जवान सर्चिंग पर निकले थे। गृहमंत्री ने बताया कि सर्चिंग से लौटते वक्त माओवादियों ने जवानों से भरे उस वाहन को टारगेट किया और आईईडी ब्लास्ट कर दिया, जिसकी चपेट में आकर डीआरजी के 10 जवान और वाहन चालक शहीद हो गए हैं।
गृहमंत्री साहू ने बताया कि हमले के तत्काल बाद ही सूचना दंतेवाड़ा मुख्यालय को मिल गई थी, जिसके बाद बैकअप फोर्स रवाना किया गया है। उन्होंने बताया कि इस हमले को जवानों के लौटते समय अंजाम दिया गया है। उनका कहना है कि माओवादियों ने पूरी योजना के तहत आईईडी प्लांट किया था, जिसकी जांच कराई जाएगी।
वहीं इस घटना के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का एक और बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि इस हमले के लिए माओवादियों को बख्शा नहीं जाएगा। सीएम डॉ. बघेल ने कहा कि माओवादियों ने छिपकर घात लगाया है, जिसका परिणाम भुगतने के लिए उन्हें अब तैयार रहने की जरुरत है।