छत्तीसगढ़

सीआरपीएफ जवान ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या.... घटना की जांच में जुटी पुलिस

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां ड्यूटी पर तैनात एक जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। मृतक जवान का नाम गौकरण बताया जा रहा है, जिसकी पोस्टिंग सुकमा जिला के सीआरपीएफ 227 बटालियन में थी। सुबह के वक्त कैंप में गोली चलने की आवाज के बाद हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे जवानों देखा कि लहुलूहान हालत में पड़ा हुआ था। आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां ले जाने के दौरान उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।

जवान की मौत का ये मामला सुकमा के तोंगपाल थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक जवान गौकरण मूलतः मोहला मानपुर क्षेत्र का रहने वाला था। जिसकी पोस्टिंग सुकमा के के लेदा में CRPF 227 बटालियन में थी। आज सुबह गौकरण की ड्यूटी गार्ड रूम में लगी हुई थी। सुबह करीब साढ़े 7 बजें के लगभग जवान ने अपने सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर कैंप के साथी जवान मौके पर भागकर पहुंचे।

घटनास्थल पर जवान को तड़पता देख आनन-फानन में उसे सुकमा के अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे गंभीर स्थिति में जगदलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मेडिकल कालेज ले जाने के दौरान जवान ने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी के बाद पुलिस अधिकारियों द्वारा जवान के मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रहे है। फिलहाल जवान ने किन कारणों से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली, इसका अब तक खुलासा नही हो सका है।