सहकारी बैंक के सहायक लेखापाल को कलेक्टर ने किया सस्पेंड.... चुनाव में प्रचार का पोस्ट करना पड़ा भारी
2023-11-25 11:12 AM
375
रायपुर। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के सहायक लेखापाल को दुर्ग कलेक्टर ने निलंबित कर दिया है। सहायक लेखापाल पर आरोप है कि उसने विधानसभा चुनाव के दौरान सोशल मीडिया में बीजेपी के पक्ष में स्लोगन लिखकर वॉट्सऐप ग्रुप में पोस्ट किया था। इस मामले की शिकायत कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा से की गई थी। जिसके बाद कलेक्टर ने तत्काल एक्शन लेते हुए सहायक लेखापाल को सस्पेंड कर दिया गया है।
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अब राजनीतिक पार्टियों के साथ ही सरकारी विभागों में शिकायतों का दौर जारी है। ऐसा ही मामला अब दुर्ग में सामने आया है। बताया जा रहा है कि कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी पुष्पेंद्र मीणा से जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सहायक लेखापाल रोहित कुमार वर्मा के खिलाफ शिकायत किया गया था।
राजनीतिक दल द्वारा किए गए शिकायत में सहायक लोकपाल पर आचार संहिता लागू होने के दौरान बीजेपी के स्लोगन को व्हाट्सग्रुप में पोस्ट किया गया था। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर ने इस मामले की जांच का आदेश जारी किया था। जांच में शिकायत सही पाये जाने पर रोहित वर्मा को कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कलेक्टर ने इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना है।