दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल ने किया अंतरराष्‍ट्रीय धाविका कविता का सम्मान

0- अर्जुन अवार्डी व ओलंपियन कविता ने सुनाई अपने संघर्ष की कहानी
0- रोटरी क्‍लब रायपुर ग्रेटर ने भी नवाजा तुंगर को

रायुपर। 'सवर्पडा एक्सप्रेस' के नाम से मशहूर लंबी दूरी की धावक कविता राउत तुंगर का शनिवार को महाराष्‍ट्र मंडल और रोटरी क्‍लब रायपुर ग्रेटर ने सम्‍मान किया। महाराष्‍ट्र के त्रयंबकेश्‍वर से पास ग्राम सवर्पडा में जन्‍मी 39 वर्षीय कविता ने अपने संक्षिप्‍त संबोधन में अपने संघर्ष की जानकारी दी। उन्‍होंने कहा कि जब तक आप किसी भी खेल में नेशनल लेवल में नहीं पहुंच जाते, तब तक आपकी कोई पहुंच नहीं होती, कोई आपको पहचानता तक नहीं।
 
कविता ने कहा कि ट्रेन का सफर भी बिना रिजर्वेशन करना पड़ता है। इसी तरह देशभर के ज्‍यादातर शहरों- गांवों में धावक के लिए कोई ट्रेक तक नहीं होता। आपकी जिद ही आपको सफल बनाती है। वनवासी कल्‍याण आश्रम की ओर से आयोजित राष्‍ट्रीय जनजातीय खेलकूद स्‍पर्घा में बतौर अतिथि पहुंचीं कविता ने कहा कि छोटे से गांव से उठकर जब वे नासिक पहुंचीं, तो उन पर बहुत सी टिप्‍पणियां हुईं। कोई कहता था कि ये नाटी सी 35 किलो की लड़की क्‍या दौड़ेगी। वैसे भी जनजातीय कल्‍याण आश्रम में अभ्‍यास के दौरान पूरी दिनयर्चा से लेकर डायट हर एक खिलाड़ी के लिए चुनौती रहती है। ऐसे में आपकी नियमित कड़ी मेहनत, लगन और जुनून ही नेशनल टीम में जगह बनाने में सहायक होती है। 
 
उन्होंने कहा कि आज पीछे मुड़कर देखती हूं तो अपनी उपलब्‍ध‍ियों को लेकर तसल्‍ली होती है। महाराष्‍ट्र में पांचवीं कक्षा की बाल भारती पुस्‍तक में मेरे नाम पर एक अध्‍याय है। अगले शैक्षणिक सत्र में काॅलेज के सेकंड ईयर के कोर्स में भी मेरे नाम का एक अध्‍याय जोड़ा जा रहा है। इसी तरह नासिक में गंगापुर मार्ग के व्‍यस्‍ततम चौक पर मेरी प्रतिमा सुप्रसिद्ध क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बाजू में लगी है।   
 
मंडल अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले, सखी निवासी प्रभारी नमिता शेष, शंकर नगर बाल वाचनालय की प्रभारी रेणुका पुराणिक और स्‍वास्‍थ्‍य सेवा समिति की डा. कमला वर्मा ने अंतरराष्‍ट्रीय धाविका कविता राउत तुंगर का सूत माला, शाल, श्रीफल और स्‍मृति चिन्‍ह से सम्‍मान किया। तत्‍पश्‍चात काले ने अपने अध्‍यक्षीय संबोधन में महाराष्‍ट्र मंडल का परिचय दिया। पूर्व ट्रस्ट अध्यक्ष शशि वरवंडकर ने मंडल के गौरवशाली इतिहास पर चर्चा करते हुए कहा कि अजय काले के नेतृत्‍व में पुराने मंडल भवन को पूरी तरह तोड़कर नया भव्‍य भवन बनाया गया। इसके लिए उनकी टीम को पूरे मराठी समाज का समर्थन भी मिला। सिद्धार्थ वरवंडकर ने भी रोटरी क्‍लब रायपुर ग्रेटर की ओर से संबोधित किया।
 
कार्यक्रम में संत ज्ञानेश्‍वर स्‍कूल के प्रभारी परितोष डोनगांवकर, मुख्‍य समन्‍वयक श्‍याम सुंदर खंगन, वरिष्ठजन सेवा समिति के प्रमुख दीपक पात्रीकर, एडवोकेट प्रशांत देशपांडे, बृहन्‍महाराष्‍ट्र मंडल के उपाध्‍यक्ष शेखर रावसाहेब अमीन, छत्‍तीसगढ कार्यवाह सुबोध टोले, राष्‍ट्रीय अधिवेशन के समन्‍वयक यशोवर्धन फाटक, रोटरी क्‍लब ग्रेटर के अध्‍यक्ष पंकज चोपड़ा, अजय तिवारी, राजेश चौरसिया सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। 
 
कौन है कविता राउत- तुंगर
लंबी दूरी की धावक कविता राउत तुंगर 10 हजार मीटर की धावक हैं। कोच विजेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में उन्होंने वर्ष 2010 एशियन गेम्स में रजत और पांच हजार मीटर में कांस्य पदक हासिल किया। साल 2010 में ही राष्ट्रमंडल खेलों में इन्हें कांस्य पदक मिला। यह राष्ट्रमंडल खेल इतिहास में किसी भी भारतीय महिला द्वारा जीत गया पहला व्यक्तिगत मैडल है। ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में। साल 2016 में इन्हें साउथ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक भी प्राप्त हुआ। इसी साल उन्होंने भारतीय मैराथन टीम का ब्राज़ील में प्रतिनिधित्व किया था। कविता तुंगर को वर्ष 2012 में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया है।