विचारधारा से उठकर पार्षदों को करना होगा शहर का विकासः मूणत
रायपुर। आज यहां आए सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को मैं अपनी शुभकामनाएं देता हूं। यहां भाजपा और कांग्रेस के साथ कुछ निर्दलीय पार्षद भी है। पार्टी की अपनी विचारधारा हो सकती है,लेकिन आप सभी को विचारधारा से ऊपर उठकर शहर के विकास के लिए साथ मिलकर काम करना होगा। रायपुर पश्चिम विधायक और पूर्व मंत्री राजेश मूणत महाराष्ट्र मंडल में आयोजित महापौर और पार्षद अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
अभिनंदन समारोह की अध्यक्षता कर रहे रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत ने कहा कि आज यहां पार्षदों का सम्मान नहीं यह जनता का सम्मान है, क्योंकि आप उस जनता के प्रतिनिधि के रुप में यहां पहुंचे है। यह सम्मान पर बनाए रखना आप सभी की जिम्मेदारी है। दुनिया में कोई भी चीज असंभव नहीं है। आप रायपुर शहर और समाज के विकास के लिए जो कुछ सोचेंगे वह संभव हो सकता है।
मूणत ने कहा कि भगवान राम 14 बरस के वनवास के बाद लौटे थे। हम 15 साल के वनवास के बाद सीता मां को लेकर लौटे हैं। जितनी बड़ी जीत होती है, उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी भी। मुझे विश्वास है कि महापौर के साथ सभी पार्षद विचारधारा से ऊपर उठकर रायपुर शहर के विकास के लिए काम करेंगे। अच्छे काम करने के लिए अच्छे विचारों का होना जरूरी है। आप रहे न रहें, रायपुर शहर रहेगा, यह याद रखें। मूणत ने आश्वस्त किया कि महाराष्ट्र मंडल अब इतनी बड़ी संस्था हो गई है कि उसे कुछ मांगने की जरूरत नहीं है। रही रायपुर में वीर सावरकर की प्रतिमा लगाने की मांग की, तो मैं आश्वस्त करता हूं कि वो तो हम लगाएंगे ही।