दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में मराठी सामूहिक उपनयन संस्कार 18 मई को

रायपुर। चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में रविवार, 18 मई 2025 को मराठी भाषी सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन किया गया है। मंडल के सचिव व आचार्य चेतन गोविंद दंडवते के नेतृत्व में होने वाले इस आयोजन में रायपुर के अलावा मध्य प्रदेश के युवा भी शामिल होंगे। 
 
आचार्य दंडवते ने बताया कि महाराष्ट्र मंडल रायपुर और महाराष्ट्र संस्कार केंद्र द्वारा सामूहिक मुंज का यह 24वां आयोजन है। पूर्णतः वैदिक पद्धति और मंत्रोच्चार के साथ उपनयन संस्कार संपन्न कराया जाता है। प्रतिवर्ष राजधानी रायपुर के अलावा अन्य जिलों और मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र के कुछ परिवार भी इस आयोजन में शामिल होते है। इस वर्ष मुंज को लेकर पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। 
 
दंडवते ने आगे बताया कि आयोजन का उद्देश्य न्यूनतम खर्च पर श्रेष्ठतम सुविधाओं के साथ सामूहिक उपनयन संस्कार करना है। इससे बाहर से आने वाले अतिथियों का महाराष्ट्र मंडल से परिचय तो होगा ही, साथ ही महाराष्ट्र भवन की भव्यता, देखने का भी अवसर मिलेगा। इस आयोजन से बाहर से आने वाले मेहमानों के सामने महाराष्ट्र मंडल और महाराष्ट्रियन संस्कार केंद्र की एकजुटता भी परिलक्षित होती है। 
 
दंडवते के अनुसार महाराष्ट्रियन संस्कार केंद्र की ओर से महाराष्ट्र मंडल के साथ मिलकर यह आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। इसके अलावा भी सामूहिक मंगलागौर पूजा, मराठी वर- वधू परिचय सम्मेलन, महाशिवरात्रि पर्व पर सामूहिक लघु रुद्राभिषेक जैसे आयोजन कर समाज को एकजुट करने के जतन किए जाते हैं।