मराठी निबंध लेखन प्रतियोगिता... इन विषयों पर दिखाना होगा लेखन का जौहर
रायपुर। मध्य प्रदेश मराठी अकादमी और महाराष्ट्र साहित्य सभा इंदौर ज्येष्ठ साहित्यकार कै. कल्पना शुद्धवैशाख स्मृति में मराठी निबंध व पत्र लेखन स्पर्धा 2025 का आयोजन करने जा रही है। मराठी भाषा के संवर्धन के लिए सतत प्रयत्नशील मराठी अकादमी विगत 15 वर्षों से इसका आयोजन कर रही है।
महाराष्ट्र मंडल रायपुर के साहित्य समिति की प्रभारी कुमुद लाड ने बताया कि मराठी लोगों में मराठी लेखन की आदत विकसित करने के उद्देश्य से निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए कुछ शर्तें भी शामिल की गई हैं। साथ ही प्रथम तीन पुरस्कारों के अलावा प्रतियोगिता में शामिल होने वालों के लिए सांत्वना पुरस्कार का भी प्रावधान रखा गया है। निबंध लेखन प्रतियोगिता के संबंध में और अधिक जानकारी के लिए मेरे मोबाइल नंबर 9009536654 पर संपर्क किया जा सकता है।
निबंध प्रतियोगिता को लेकर उन्होंने बताया कि आयु सीमा के हिसाब से तीन समूह बनाए गए हैं। प्रथम समूह जिसकी आयु सीमा 10 से 18 वर्ष है, उनके लिए निबंध का विषय ‘इंटरनेट युग में शालेय शिक्षण की उपयोगिता’ रखा गया है। वहीं द्वितीय समूह में 19 से 30 वर्ष के लोग शामिल हो सकते हैं, जिनके लिए निबंध का विषय ‘वैवाहिक कार्यक्रम का पारंपरिक स्वरूप योग्य या आधुनिक’ होगा। तीसरे समूह में 31 वर्ष से 55 वर्ष के प्रतिभागी शामिल हो पाएंगे, जिनके लिए निबंध का विषय ‘पारंपरिक विधान आडम्बर या संस्कार’ होगा। वहीं 55 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोग ‘जीवन की शाम को धमाकेदार बनाये’ पर लिखेंगे।
कुमुद लाड ने बताया कि किसी भी उम्र समूह के लिए निबंध में भाग लेने वालों को 500 से 1000 शब्दों में निबंध लिखना है। वहीं पत्र लेखन की न्यूनतम सीमा 200 शब्द और अधिकतम सीमा 500 शब्द निर्धारित की गई है। दोनों ही स्पर्धा में प्रथम पुरस्कार 1000, द्वितीय पुरस्कार 750, तृतीय पुरस्कार 500 और प्रोत्साहन राशि 250 रुपए प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी को घर पर ही कागज के एक तरफ सुंदर सुपाठ्य अक्षरों में निबंध लिखकर 15 मई तक महाराष्ट्र मंडल के रायपुर कार्यालय में जमा करना होगा। यहां से प्रतिभागियों का निबंध इंदौर भेजा जाएगा।