दिव्य महाराष्ट्र मंडल

प्राचीन तात्यापारा हनुमान मंदिर में भक्तिमय उत्साह के साथ मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव

0- महाराष्ट्र मंडल की आध्यात्मिक समिति के राम रक्षा स्तोत्र, हनुमान चालीसा सामूहिक पाठ में बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालुजन

रायपुर। तात्यापारा स्थित 12वीं सदी के प्राचीन हनुमान मंदिर में शनिवार को सुबह 6:00 बजे हनुमान जन्मोत्सव श्रीहरि कीर्तन, महाआरती और आतिशबाजी के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित रहे। मंडी समिति के उपाध्यक्ष दीपक किरवईवाले के अनुसार सुबह 5:00 बजे से हनुमान जन्मोत्सव को लेकर पं. शशांक देशपांडे का श्रीहरि कीर्तन शुरू हुआ। अलसुबह से ही भक्तजनों की भीड़ मंदिर में जुटने लगी थी। सुबह 6:00 बजे राम जन्मोत्सव के बाद भी मंदिर में लगातार कार्यक्रम चलते रहे और पूरे दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। इस बीच सुंदरकांड पाठ, हनुमान मंदिर की भजन मंडली व महिला भजन मंडली की ओर से भी सुमधुर संगीतमय भजन प्रस्तुत किए गए। 
 
 
हनुमान मंदिर समिति की नमिता शेष के अनुसार महाराष्ट्र मंडल की आध्यात्मिक समिति की समन्वयक आस्था काले के नेतृत्व में शाम 7:30 बजे राम रक्षा स्त्रोत और हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया। इस मौके पर मंडल की कार्यकारिणी, विभिन्न समितियों के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में आजीवन सभासदों के अलावा मंदिर परिसर में उपस्थित भक्तों ने भी इसमें जोश के साथ भाग लिया। सामूहिक पाठ के बाद महा आरती में प्रत्येक भक्त ने एक-एक दीया लेकर महाआरती की। तत्पश्चात महाप्रसाद वितरण के साथ महाराष्ट्र मंडल की ओर से आयोजित सामूहिक पाठ का आयोजन संपन्न हुआ। इसके बाद भी हनुमान मंदिर में आधी रात तक कार्यक्रम और भक्तजनों के आने का सिलसिला जारी रहा।