दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल कैरम स्‍पर्धा: शनिवार को एमआईसी मेंबर दीपक जायसवाल, पार्षद आशु चंद्रवंशी करेंगे शुभारंभ

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल में शनिवार को सुबह 10 बजे एमआईसी सदस्‍य दीपक जायसवाल संस्‍था और समाज स्‍तरीय कैरम स्‍पर्धा का शुभारंभ करेंगे। पंडित दीनदयाल उपाध्‍याय वार्ड के पार्षद आशु चंद्रवंशी कार्यक्रम की अध्‍यक्षता करेंगे। प्रतियोगिता के महिला वर्ग में राष्‍ट्रीय कैरम खिलाड़ी अंजलि बराड, निशा मेश्राम और संयोगिता को खेलते हुए देखने का अवसर मिलेगा। इसी तरह पुरुष वर्ग में एलआईसी मध्‍य क्षेत्रीय स्‍पर्धा के चैंपियन प्रमोद पाटिल से लेकर ऑल इंडिया चैंपियनशिप के खिलाड़ियों को भी कलात्‍मक कैरम खेलते देखा जा सकेगा।
 
मंडल की उपाध्‍यक्ष और खेल समिति की समन्‍वयक गीता दलाल ने बताया कि कैरम प्रतियागिता में रेलवे के प्रसिद्ध कैरम खिलाड़ी 86 वर्षीय अशोक लोणकर न केवल मैच में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, बल्कि आयोजन में उनके अनुभव का लाभ भी मिलेगा। शुक्रवार शाम को प्रतियोगिता का फि‍क्चर तैयार कर लिया गया है। एकल स्‍पर्धा को लेकर प्रतिभागियों का रुझान युगल की तुलना में अधिक है। वैसे भी महिला प्रतिभागियों के बीच केवल एकल मैच ही होंगे।
 
गीता के अनुसार स्‍पर्धा के सभी मैचों के रेफरी व चीफ रेफरी छत्‍तीसगढ़ कैरम एसोसिएशन के हैं। इस स्‍पर्धा में 18 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्‍ट्र मंडल भवन में होने वाली स्‍पर्धा का समापन रविवार की देर शाम को होगा। इसमें प्रतियोगिता के प्रत्‍येक प्रतिभागी को प्रमाण पत्र व मेडल देने के साथ ही सभी वर्गों के विजेताओं, उप विजेताओं को ट्राफी के साथ नकद राशि भी पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी।