दिव्य महाराष्ट्र मंडल

समर कैंप में हफ्तेभर बच्चों ने जमकर मस्ती.. समापन पर दिखी चेहरे पर खुशी

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में हुए समर कैंप में सप्ताहभर बच्चों ने जमकर मस्ती की। 28 अप्रैल सोमवार को कैंप का समापन हुआ। समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में विद्युत मंडल से सेवानिवृत्त हुए अधिकारी किरण सदाशिव नासरे शामिल हुए। वहीं विशेष अतिथि के रुप में जगजीत सिंह वालिया भूतपूर्व प्रदेश अध्यक्ष बिजली कर्मचारी संघधर्मेंद्र कुमार वाइस प्रेसिडेंट एक्सिस बैंक तथा श्रद्धा त्रिवेदी डिप्टी सेक्रेटरी फाइनेंस विभाग उपस्थित रहीं। अतिथियों ने बच्चों द्वारा बनाए आर्ट एडं क्राफ्ट का निरीक्षण कर बच्चों के टैलेंट की जमकर सराहना की।   समापन कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के द्वारा द्वीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से साथ हुआ। अतिथियों का परंपरागत सूतमाला से स्वागत करते हुए प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया।

बच्चों को संबोधित करते हुए किरण सदाशिव नासरे ने कहा कि आज हमारे बच्चे ज्यादातर समय मोबाइल पर बर्बाद कर रहे है। ऐसे समर कैंप का आयोजन कर हम बच्चों को मोबाइल एडिक्ट होने से बचाने का प्रयास करते है और बच्चे बहुच कुछ सीखते है। मैं आशा करता हूं कि समर कैंप में शामिल हुए बच्चे कुछ न कुछ नया सीखकर यहां से घर जाएंगे। उन्होंने समर कैंप का समय बढ़ाने की मांग स्कूल प्रबंधन से की।

विशेष अतिथि जगजीत सिंह वालिया ने समर कैंप की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों में बौद्धिक विकास होता है। उन्होंने बच्चों को बताया कि वे खुद प्रतिदिन सुबह मरीन ड्राइव जाते है और लोगों को सुबह 5 बजे से योगाभ्यास कराते है। बतादें कि जगजीत सिंह वालिया रणजी ट्राफी में भाग ले चुके है। वहीं मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विद्युत मंडल के स्पोर्ट्स प्रभारी भी रहे है।

कार्यक्रम में प्री प्राइमरी के बच्चों ने शानदार गीत प्रस्तुत किया। जिसमें हारमोनियम अभिज्ञा शुक्ला कक्षा नर्सरी ने बजाया तथा तेजस्वी चेलक गीतिका साहू आदि बच्चों ने गीत गाने में उसका साथ दिया। प्री प्राइमरी के बच्चों द्वारा एक नृत्य भी प्रस्तुत किया गया। जिसमें लावण्या गिरीभट्ट, हंसिका पाल आदि बच्चों ने भाग लिया। बच्चों द्वारा आर्ट एंड क्राफ्ट के सामान की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अतिथियों ने अवलोकन किया और बच्चों की प्रतिभा की खूब सराहना की। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका अपर्णा आठले ने  किया और अतिथियों का परिचय शिक्षिका तृप्ति अग्निहोत्री ने दिया।