संत ज्ञानेश्वर स्कूल के परीक्षा परिणाम ऐतिहासिक, तीन छात्राएं प्रावीण्य सूची पर
2025-05-10 02:43 PM
191
0- सीजी 12वीं बोर्ड की मेरिट लिस्ट में सातवें स्थान पर रहीं रुचिका साहू
0- 10वीं की प्रावीण्य सूची में आठवें स्थान पर पूर्वी तो वर्षा नौवें स्थान पर
0- 12वीं में बॉयोलॉजी के नतीजे शत- प्रतिशत, दसवीं में 94 फीसदी
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम में महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर स्कूल (एसडीवी) के बच्चों ने सफलता का इतिहास रचा है। साल 1942 से अस्तित्व में आए एसडीवी में 43 वर्षों में पहली बार दसवीं बोर्ड के परीक्षा परिणाम की प्रावीण्य सूची में दो छात्राएं पूर्वी साहू और वर्षा परिडा और 12वीं बार्ड में रुचिका साहू ने मेरिट लिस्ट में सातवां स्थान हासिल कर स्कूल सहित महाराष्ट्र मंडल को भी गौरवान्वित किया। रूचिका साहू ने एकाउंट में 100 में 100 अंक और पूर्वी साहू ने मैथ्स में 100 में 100 अंक हासिल किया। इसी तरह नेहा साहू ने एकाउंट और इकानामिक्स में दोनों विषय में 100 में 100 अंक हासिल किया। ओवरऑल दोनों ही कक्षाओं के परिणाम उत्साहवर्धक हैं।
एसडीवी के प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने बताया कि 10वीं बोर्ड की परीक्षा में 94 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। 98 फीसदी अंक हासिल कर आठवां स्थान हासिल करने वाली पूर्वी साहू ने गणित में 100 में 100 अंक हासिल किए। 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर मेरिट लिस्ट में नौंवा स्थान हासिल करने वाली वर्षा परिडा ने तीन विषयों इंग्लिश, मैथ्स और सोशल स्टडी में 100 में 99 अंक हासिल किए। इसी तरह हिमांशी लोढा ने भी 93 फीसद अंकों के साथ शाला को सम्मानित किया।
मनीष के अनुसार 12वीं बोर्ड परीक्षा में भी 82 फीसद बच्चों ने कामयाबी हासिल की। इसमें रुचिका साहू ने 96.40 अंक हासिल कर सीजी बोर्ड स्तरीय प्रावीण्य सूची में सातवां स्थान प्राप्त किया। महज एक अंक से मेरिट लिस्ट में स्थान पाने से चूक गई नेहा साहू को 95.60 प्रतिशत नंबर मिले। इनके पीछे रुद्रप्रताप साहू ने भी (95.40 अंक प्राप्त कर) प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने से रह गए। दोनों परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया जाएगा। परिणामस्वरूप इनके भी मेरिट लिस्ट में आने की संभावना है। 12वीं में सर्वोच्च अंक हासिल करने वाली तीनों छात्राएं कॉमर्स की हैं। इस संकाय में 90 फीसदी विद्यर्थियों ने बेहतर अंकों के साथ सफलता हासिल की है।
प्राचार्य गोवर्धन ने बताया कि एसडीवी के 12वीं मैथ्स में 80 प्रतिशत छात्र- छात्राएं उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं। इनमें अनम बानो पटेल (88.40), हर्षिता साहू (85.20), सुहनानी सिंह (80.20) एसडीवी में मैथ्स के टॉप थ्री स्टूडेंट में रहीं। वहीं 12वीं में बॉयोलॉजी फैकल्टी के साथ नौ बच्चों ने परीक्षा दी। इनमें से छह बच्चे प्रथम श्रेणी और तीन द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण रहे। इस संकाय में वैष्णवी वैष्णव (85.40) स्कूल में प्रथम रहीं, तो अनुष्का तिवारी (77.80) को दूसरा स्थान मिला।
मनीष गोवर्धन के बताया कि 12वीं के आर्ट्स में 60 प्रतिशत छात्र- छात्राओं ने सफलता दर्ज की है। 89.60 प्रतिशत अंकों के साथ दीपिका घांची ने सर्वाच्च अंक हासिल किए। स्वाती कट्टर सेकंड और दीपेश अंबाडारे थर्ड पोजीशन पर रहे। प्राचार्य गोवर्धन ने शाला के बेहतरीन परीक्षा परिणाम पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि हम पूरे स्टाफ के साथ और भी बेहतर रिजल्ट के लिए हरसंभव कोशिश करेंगे। बच्चों को भी एक्स्ट्रा क्लास के माध्यम से परीक्षा की तैयारी करवाएंगे। उन्होंने सफल विद्यार्थियों को ढेर सारी शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। कम अंक प्राप्त करने वाले बच्चों से गोवर्धन ने कहा कि उन्हें निराश होने के बजाय परीक्षा को लेकर उनकी ओर से की गई तैयारियों में कमियों को तलाश कर उसे दूर करना होगा और नए सिरे से, नए उत्साह और समर्पण के साथ अगला प्रयास करना होगा।
स्कूल के प्रभारी परितोष डोनगांवकर और सह प्रभारी नवीन देशमुख ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणामों में एसडीवी के प्रदर्शन को लेकर प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि इस बार हमने हर कक्षा के प्रतिभाशाली बच्चों को शिक्षा सत्र शुरू होने के शुरुआती दिनों में ही चिन्हित कर लिया था और उन पर नियमित कक्षाओं के बाद विशेष रूप से फोकस करने कहा था। हमारे इस प्रयोग को ऐतिहासिक प्रतिसाद मिला। हालांकि यह प्रयोग हर साल किया जाता है लेकिन इस बार इसकी मॉनिटरिंग प्रापर की गई थी। अलबत्ता सभी सफल छात्र- छात्राओं को उनकी ऐतिहासिक सफलता पर बधाई और शुभकामनाएं।
महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा कि न्यूनतम फीस पर हर आयवर्ग के परिवारों के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से शिक्षित करने की हमारी मुहिम जिस तरह से फलीभूत हो रही है, उसे पूरी राजधानी और प्रदेश देख रहा है। यह शिक्षक स्टाफ के साथ बच्चों की मेहतन का ही नतीजा है कि सीजी बोर्ड में 10वीं व 12वीं के परीक्षा परिणाम व मेरिट लिस्ट में आने वाले बच्चों की संख्या ऐतिहासिक रही। इसके लिए एसडीवी का पूरा स्टाफ, हमारे परीक्षार्थी बच्चे और उनके माता- पिता का सहयोग व समर्पण जिम्मेदार है। एसडीवी से निकले ये बच्चे अपने- अपने जीवन में कुछ उल्लेखनीय करेंगे, ये उन्हें पूरा विश्वास है।