दिव्य महाराष्ट्र मंडल

सखी निवास से अधिकाधिक कामकाजी महिलाओं को लाभान्वित करे महाराष्‍ट्र मंडल

- औचक निरीक्षण करने पहुंची नई दिल्‍ली की टीम मंडल के सेवाभावी प्रकल्‍पों से प्रभावित नजर आई
- निरीक्षण टीम के झूला घर शुरू करने के सुझाव से सहमत दिखे अध्‍यक्ष काले, कहा- जल्‍दी ही इस दिशा में काम करेंगे

रायपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय नई दिल्‍ली की निरीक्षण टीम महाराष्‍ट्र मंडल के सेवाभावी प्रकल्‍पों और विभिन्‍न समितियों व महिला केंद्रों के कार्यों से प्रभावित नजर आ। चौबे कॉलोनी स्थित मंडल भवन से लगे सखी निवास का निरीक्षण करते हुए टीम ने यहां महिलाओं की संख्‍या बढ़ाने पर जोर दिया ताकि अधिकाधिक कामकाजी महिलाओं को मंडल के सखी निवास का लाभ मिल सके।
 
बताते चलें कि महाराष्‍ट्र मंडल के 43 वर्ष पुराने सखी निवास प्रकल्‍प का निरीक्षण करने के लिए रायपुर जिला कार्यक्रम अधिकारी शैल ठाकुर के साथ महि‍ला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार के अधिकारियों की टीम पहुंची। टीम ने मंडल के पुनर्निर्मित सखी निवास का निरीक्षण कर कुछ दिशा-निर्देश भी दिए।
सखी निवास की प्रभारी नमिता शेष ने बताया कि नई दिल्‍ली से यहां महिला बाल विकास मंत्रालय की टीम की वरिष्‍ठ कंसलटेंट रीति महोबे और अभिनव मंडल में कामकाजी महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं से संतुष्‍ट नजर आए। उन्‍होंने कहा कि संतोषप्रद सुविधाओं के बावजूद महाराष्‍ट्र मंडल को सखी निवास में कामकाजी महिलाओं की संख्‍या बढ़ाने की दिशा में और अधिक प्रयास करने की जरूरत है। 
 
नई दिल्‍ली की टीम के अधिकारियों ने कहा कि बेहतर होगा महाराष्‍ट्र मंडल के पदाधिकारियों को यहां समीपस्‍थ ऑफिस, उद्योगों में जाकर कामकाजी महिला कर्मचारी- अधिकारियों को सखी निवास की समुचित जानकारी देकर यहां रहने के लिए आमंत्रित करना चाहिए। वैसे भी मंडल के पदाधिकारी दिव्‍यांग बालिका विकास गृह में नि:शक्‍त बच्चियों की संख्‍या बढ़ाने के लिए सतत प्रयत्‍नशील हैं।
 
महाराष्‍ट्र मंडल और सखी निवास भवन का निरीक्षण करने के बाद नई दिल्ली टीम की वरिष्ठ अधिकारी रीति महोबे ने यहां झूला घर शुरू करने का सुझाव दिया। मंडल के अध्‍यक्ष अजय मुधकर काले को रीति का यह सुझाव पसंद आया। उन्‍होंने कहा कि हम अगली कार्यकारिणी की बैठक में इस आशय का प्रस्‍ताव पारित करेंगे। उसके बाद हम अत्याधुनिक सुविधाओं वाले झूला घर को एक प्रकल्‍प का स्‍वरूप प्रदान कर जल्‍दी ही सखी निवास भवन के भूतल पर इसे शुरू करने की संभावना तलाशेंगे। औचक निरीक्षण के दौरान मंडल की उपाध्‍यक्ष गीता श्‍याम दलाल, विशाखा मदन तोपखानेवाले और सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी विशेष रूप से उपस्थित रहे।