रोहिणीपुरम महिला केंद्र ने हनुमान चालीसा पाठ के साथ दिव्यांग बालिकाओं के लिए जुटाई राशि
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की रोहिणीपुरम महिला केंद्र की टीम ने इस शनिवार हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा और राम रक्षा स्तोत्र का पाठ किया। महिलाओं ने इस अवसर पर मंडल द्वारा संचालित दिव्यांग बालिका विकास गृह के सहायतार्थ राशि का संकलन भी किया।
मंडल के आध्यात्मिक समिति की समन्वयक आस्था काले ने बताया कि समिति द्वारा हर शनिवार को होने वाले रामरक्षा स्तोत्र और हनुमान चालीसा पाठ का क्रम इस शनिवार 24 मई को 73वें सप्ताह भी उत्साह के साथ हुआ। शनिवार को मंडल की रोहिणीपुरम महिला केंद्र ने स्थानीय हनुमान मंदिर में पाठ किया। इस दौरान केंद्र के सदस्यों ने दिव्यांग बालिका विकास गृह के जीर्णोद्धार के लिए सहयोग राशि जुटाई।
आस्था ने बताया कि दिव्यांग बालिका विकास गृह के पुनर्निर्माण का कार्य जारी है। 15 अगस्त को इस नए भवन के साथ वरिष्ठ जनों का डे केयर सेंटर (आपुलकी योजना) का विधिवत शुभारंभ भी किया जाना है। दिव्यांग बालिका विकास गृह के पुनर्निर्माण के लिए सभी सदस्यों और दान-दाताओं द्वारा सहयोग राशि एकत्र की जा रही है। इसी तारतम्य में रोहिणीपुरम केंद्र ने सहयोग राशि एकत्र की है। उनकी यह पहल अन्य केंद्रों के लिए अनुकरणीय है।