महाराष्ट्र मंडल की वार्षिक सामान्य सभा 1 जून को... भावी योजनाओं पर होगी चर्चा
2025-05-31 07:24 PM
215
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की वार्षिक सामान्य सभा (एजीएम) चौबे कॉलोनी स्थित मंडल भवन में रविवार, एक जून को सुबह 10 बजे होगी। अजय मधुकर काले के दो वर्षीय अध्यक्षीय कार्यकाल का एक साल हुआ है। इसी बीते साल के आय-व्यय के ब्योरे के साथ मंडल की भावी गतिविधियों, कार्यक्रमों और योजनाओं की भी सभासदों से चर्चा की जाएगी।
सचिव चेतन गोविंद दंडवते के अनुसार 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 का कार्यकाल उपलब्धिपूर्ण रहा। इसी उपलब्धिपूर्ण कार्यकाल की एजीएम में विस्तृत चर्चा की जाएगी।
सखी निवास प्रभारी नमिता शेष ने बताया कि कामकाजी महिला विकास गृह को शासन के दिशा- निर्देश के अनुरूप सखी निवास के रूप में परिवर्तित किया गया है। इसी नवनिर्मित सखी निवास का 28 मई को शुभारंभ किया गया। एजीएम में इस उपलब्धि की भी जानकारी दी जाएगी।
दिव्यांग बालिका विकास गृह के प्रभारी प्रसन्न निमोणकर की माने तो समता कॉलोनी स्थित पुराने भवन को अत्याधुनिक सुविधाओं और वर्तमान आवश्यकता के अनुरूप बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य प्रगति की निमोणकर जानकारी देंगे और बताएंगे कि 15 अगस्त को नए कलेवर वाले दिव्यांग बालिका विकास गृह भवन और वृद्धजनों की आपुलकी योजना का शुभारंभ की तैयारियां अभी कहां पहुंची है।
मंडल के संत ज्ञानेश्वर स्कूल (एसडीवी) के प्रभारी परितोष डोनगांवकर ने बताया कि एजीएम में एसडीवी के इतिहास में पहली बार तीन विद्यार्थियों ने सीजी बोर्ड के दसवीं और बारहवीं में प्रावीण्य सूची में स्थान हासिल करने की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही नए शिक्षा सत्र से पहले नई साज-सज्जा वाले शाला भवन की जानकारी दी जाएगी।
शंकर नगर स्थित बाल वाचनालय की प्रभारी रेणुका पुराणिक ने जानकारी दी कि यहां भी पिछले साल से विकास और सुधार के कार्य करवाए जा रहे हैं। इसके अलावा सवाल- जवाब सत्र में उनकी जिज्ञासाओं को भी शांत किया जाएगा।