दिव्य महाराष्ट्र मंडल

शहीद गिरपुंजे को महाराष्‍ट्र मंडल ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

रायपुर। एर्राबोर मार्ग पर डोण्‍डरा गांव के पास क्रेशर प्‍लांट में नक्‍सलियों की ओर से लगाए गए आईईडी की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल कोंटा के अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आकाश राव गिरपुंजे शहीद हो गए। चंगोराभाठा रायपुर निवासी गिरपुंजे के अंतिम संस्‍कार पर मंगलवार को महाराष्‍ट्र मंडल के प्रतिनिधि‍ भी शामिल हुए। साथ ही उन्‍हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

 
छत्‍तीसगढ शासन के पुलिस वीरता पुरस्‍कार और महाराष्‍ट्र मंडल के ‘गौरव अलंकरण’ से सम्‍मानित आकाश राव गिरपुंजे के शहीद होने से समूचा मंडल और मराठी भाषी समाज शोकाकुल है। महाराष्‍ट्र मंडल में आयोजित शोकसभा में चेहरे पर हमेशा तैरती मुस्‍कान वाले वीर गिरपुंजे के व्‍यक्तित्‍व व कृतित्‍व पर चर्चा की गई और उन्‍हें भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित गई। इस मौके पर मंडल के कार्यका‍रिणी सदस्‍य, समितियों के पदाधिकारी व कई सभासद उपस्थित हुए। सभी ने एक स्‍वर में गिरपुंजे को समाज की अपूरणीय क्षति बताया। 
 
अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा कि इस समय समूचा महाराष्‍ट्र मंडल गिरपुंजे परिवार के साथ खड़ा है। जब भी इस परिवार को महाराष्‍ट्र मंडल के सहयोग की जरूरत होगी, तो मंडल के पदाधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।