अंतर राज्यीय मराठी निबंध स्पर्धा में स्मिता चांदे रहीं उपविजेता... भिलाई की सात्विक और कोरबा की अरुंधति भी विजयी
2025-07-25 08:20 AM
124
0- मप्र मराठी अकादमी व महाराष्ट्र साहित्य सभा इंदौर के आयोजन में मध्य प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़ और गुजरात के सैकड़ों प्रतिभागी हुए शामिल
0- 10 से 18 वर्ष आयु वर्ग में भिलाई की सात्विक विजेता, कोरबा की अरुंधति रहीं उप विजेता, महाराष्ट्र मंडल के प्रतिभागियों ने भी लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
रायपुर। मध्य प्रदेश मराठी अकादमी व महाराष्ट्र साहित्य सभा इन्दौर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अंतर राज्यीय मराठी निबंध स्पर्धा के 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में महाराष्ट्र मंडल रायपुर की स्मिता चांदे उप विजेता रहीं।
मध्य प्रदेश मराठी अकादमी की रायपुर प्रतिनिधि व महाराष्ट्र मंडल के वरिष्ठ आजीवन सभासद कुमुद लाड ने बताया कि चार आयु वर्ग में आयोजित की गई मराठी निबंध स्पर्धा में छत्तीसगढ़ के अलावा मध्य प्रदेश व गुजरात के सैकड़ों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रथम 10 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लिए मराठी निबंध लेखन का विषय ‘इंटरनेट के युग में शालेय शिक्षण की उपयोगिता’ था। इसमें भिलाई की सात्विक मेने विजेता रहीं। वहीं कोरबा की अरुंधति गंडागुले उप विजेता रहीं। तीसरा स्थान महालक्ष्मी नगर इंदौर की वैदेही डांगे को मिला।
लाड के अनुसार दूसरे 19 से 30 वर्ष आयु वर्ग के लिए मराठी निबंध लेखन का विषय ‘विवाह का पारंपरिक स्वरूप योग्य या आधुनिक’ था। इसमें देवास की अक्षदा तेलंग प्रथम, उज्जैन की पूजा रोडे द्वितीय और रामबाग इंदौर की सान्वी गोडबोले तीसरे स्थान पर रहीं। तीसरे 31 से 55 वर्ष आयु वर्ग में मराठी निबंध का विषय ‘परंपरागत रस्म रिवाज आडंबर या संस्कार’ था। इसमें इंदौर की प्रतिमा शिघये विजेता और उज्जैन की रुपाली विपट तीसरे स्थान पर रहीं।
कुमुद लाड ने बताया कि चौथे 55 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में निबंध का विषय ‘उम्र का ढलना आनंददायक हो’ था। इसमें बुरहानपुर की अनुराधा मजुमदार विजेता रहीं। सुखलिया की सुमंगला पोतदार उप विजेता तो तीसरे स्थान पर देवास की रेखा दिवटे तीसरे स्थान पर रहीं। मराठी निबंध व सुलेखन स्पर्धा में प्रतिभागियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और इसमें बच्चों व युवाओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी जा रही है।
इधर महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले, सचिव चेतन दंडवते सहित समस्त कार्यकारिणी, विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों और महिला केंद्रों की संयोजिकाओं- सह संयोजिकाओं ने अंतर राज्यीय मराठी निबंध लेखन स्पर्धा में उपविजेता बनने पर स्मिता चांदे को बधाई दी है। सभी ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना भी की है। अजय काले ने 10-18 वर्ष आयु वर्ग में भिलाई की सात्विक मेने को विजेता व कोरबा की अरुंधति गंडागुले उप विजेता बनने को भी छत्तीसगढ़ के मराठी समाज व मराठी भाषियों के लिए उपलब्धि बताया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।