स्वतंत्रता दिवस पर दिव्यांग बालिकाओं व कामकाजी महिलाओं को होगा संयुक्त कार्यक्रम
2025-08-14 10:33 AM
64
0- महाराष्ट्र मंडल के सभी प्रकल्प में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस पर रंगारंग देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रमों की रहेगी धूम
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को दिव्यांग बालिका विकास गृह और सखी निवास (कामकाजी महिला वसति गृह व छात्रावास) पर संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया जाएगा। साथ ही संयुक्त रूप से ही बाकी के कार्यक्रम होंगे। समता कॉलोनी स्थित दिव्यांग बालिका गृह को नये स्वरूप में बनाने- संवारने के कारण यह व्यवस्था की गई है।
मंडल की उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने बताया कि जब से दिव्यांग बालिका विकास गृह को नए सिरे से संवारने का काम शुरू हुआ है, तभी से ही दिव्यांग बालिकाओं को मंडल के सखी निवास में शिफ्ट किया गया है। अत: कामकाजी महिलाओं और छात्राओं के साथ दिव्यांग बच्चियों को स्वतंत्रता दिवस मनाने पर कोई परेशानी नहीं होगी। ऐसे आयोजनों में दिव्यांग बच्चियों की देशभक्तिपूर्ण गीतों की प्रस्तुति सबसे बड़ा आकर्षण होता है। इससे पहले मंडल भवन में अध्यक्ष अजय मधुकर काले राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा का रोहण करेंगे।
गीता दलाल के अनुसार प्रति वर्षानुसार इस वर्ष भी महाराष्ट्र मंडल के शंकर नगर बाल वाचनालय में रानी पद्मावती नर्सरी स्कूल के बच्चों के कई बेहतरीन परफार्मेंस देखने को मिलेंगे। इसमें मासूम बच्चों का राष्ट्रीय नायकों व नायिकाओं की वेशभूषा में संवाद अदायगी अथवा नृत्य की प्रस्तुति दर्शकों को गुदगुदाती है। बाल वाचनालय प्रभारी रेणुका पुराणिक के मार्गदर्शन में शंकर नगर, अवंति विहार, देवेंद्र नगर, मोवा- सड्डू केंद्र की महिलाएं भी यहां के कार्यक्रम में विशेष रूप से अपनी प्रस्तुतियों के साथ उपस्थित रहेंगी।
संत ज्ञानेश्वर स्कूल प्रभारी परितोष डोनगांवकर ने बताया कि पहली बार स्कूल में चार बच्चों का सीजी बोर्ड की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने का उल्लास स्वतंत्रता दिवस पर भी दिखेगा। ध्वजारोहण के बाद स्कूल के छात्र- छात्राओं की ओर से रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी। इनमें नए शिक्षा सत्र के लिए हाल ही में अस्तित्व में आए चारों हाउस बाल गंगाधर तिलक हाउस, वीर विनायक दामोदर सावरकर, छत्रपति शिवाजी और सदाशिव हरि राजगुरु हाउस के बच्चे भी अपनी प्रतिभा से कार्यक्रम को आकर्षक और मनोरंजक बनाएंगे।