मंडल भवन में अध्यक्ष काले, स्कूल में पार्षद सचिन और शंकर नगर में संजय श्रीवास्तव करेंगे ध्वजारोहण
रायपुर। 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर महाराष्ट्र मंडल के सभी प्रकल्पों में ध्वजारोहण और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति होगी। महाराष्ट्र मंडल की उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने बताया कि महाराष्ट्र मंडल, दिव्यांग बालिका विकास गृह, शंकर नगर बाल वाचनालय और संत ज्ञानेश्वर स्कूल में ध्वजारोहण किया जाएगा।
गीता के अनुसार मंडल के अध्यक्ष अजय काले सुबह 7.30 बजे सभी कार्यकारिणी सदस्यों, पदाधिकारियों और सदस्यों की मौजूदगी में झंडारोहण करेंगे।
संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने बताया कि 15 अगस्त को सुबह 8.30 ध्वजारोहण के साथ बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जोन क्रमांक 10 के अध्यक्ष नगर निगम रायपुर सचिन मेघानी होंगे। विशेष अतिथि के रूप में दिव्यांग बालिका विकास गृह के प्रभारी प्रसन्न निमोणकर और स्कूल के सह प्रभारी नवीन देशमुख उपस्थित रहेंगे। ध्वजारोहण, अतिथियों के स्वागत के उपरांत बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
महाराष्ट्र मंडल के शंकर नगर बाल वाचनालय- उद्यान में भी स्वतंत्रता दिवस मनाए जाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। यहां सुबह नौ बजे नागरिक आपूर्ति विकास निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ध्वजारोहण करेंगे।राजेश गुप्ता पार्षद शंकर नगर वार्ड विशेष अतिथि होंगे। इस दौरान शंकर नगर महिला केंद्र की महिलाओं के साथ रानी पद्मावती नर्सरी स्कूल के बच्चे मौजूद रहेंगे और देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।