आध्यात्मिक समिति ने एकादशी पर किया विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की आध्यात्मिक समिति की ओर से प्रत्येक एकादशी पर होने वाला विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ बुधवार 3 सितंबर को परिवर्तिनी एकादशी पर आनलाइन मोड पर प्रातः किया गया। इस अवसर पर राजधानी रायपुर सहित अन्य स्थानों से भी महिलाएं जुड़ी और पाठ किया।
आध्यात्मिक समिति की समन्वयक आस्था काले ने बताया कि समिति द्वारा हर एकादशी पर पाठ किया जाता है। हिंदू धर्म में परिवर्तिनी एकादशी बेहद महत्वपूर्ण है। यह हर साल भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को रखा जाता है। इस दिन भगवान विष्णु और उनके वामन रूप की पूजा की जाती है। ऐसा माना जाता है कि इस दिन व्रत और पूजा करने से व्यक्ति के सभी पापों का नाश होता है और उसे मोक्ष की प्राप्ति होती है।
आस्था ने आगे बताया कि इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ किया। पितामह भीष्म द्वारा रचित श्री विष्णुसहस्रनाम का पाठ या श्रवण हमारे कानों को आनंद प्रदान करता है। यह भगवान विष्णु और उनके महान गुणों का गुणगान करता है। यदि लोग इसका पूर्ण जाप न भी कर पाएँ, तो भी " श्री राम राम रामेति " श्लोक का जाप उनके सभी सहस्त्र नामों के जाप के समान माना जाता है।