दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल की 90वीं वर्षगांठ पर भव्‍य समारोह तीन अक्टूबर से , तैयारी बैठक आज

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल में प्रति वर्ष होने वाले मराठी सोहला के साथ 90वीं सालगिरह का तीन दिवसीय समारोह तीन से पांच अक्‍टूबर तक आयोजित किया जाएगा। भव्‍य आयोजन में विविध सेगमेंट्स के स्‍टाल्‍स हर आयुवर्ग के लोगों को आकर्षित करेंगे। इनमें चटपटे व्‍यंजनों के स्‍टाल विशेष रूप से बच्‍चों और युवाओं के आकर्षण का केंद्र होंगे।
 
तीन दिवसीय कार्यक्रम में कौन- कौन सी तारीख में कौन- कौन से कार्यक्रम होंगे, इसे अंतिम रूप देने के लिए शनिवार, 20 सितंबर को शाम चार बजे समस्‍त कार्यकारिणी सदस्‍यों, समितियों के पदाधिकारियों और महिला केंद्रों की संयोजिकाओं- सह संयोजिकाओं की बैठक आहूत की गई है। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया जाएगा कि कुछ ऐसे कार्यक्रम हो जो पहली बार मंचित हो और महाराष्‍ट्र मंडल के 90वीं वर्षगांठ समारोह की गरिमा के अनुकूल हो।
 
जानकारी के अनुसार शुक्रवार तीन सितंबर को दोपहर तीन बजे समारोह का शुभारंभ शहर की कोई जानी- मानी हस्‍ती करेगी। तत्‍पश्‍चात अनेक समाजों की प्रतिभाओं की जोशीली प्रस्‍तुतियां देखने को मिलेंगी। इसके अलावा भी विभिन्‍न सेगमेंट के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंडल अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले ने बताया कि चार अक्‍टूबर को शाम सात बजे सुप्रसिद्ध हिंदी नाटक ‘मैं अनिकेत हूं’ का मंचन सर्वाधिक आकर्षण का केंद्र रहेगा। शशि वरवंडकर निर्देशित 110 मिनट के इस सस्‍पेंस- थ्रिलर ड्रामा का इन दिनों संत ज्ञानेश्‍वर सभागृह के कुमुदिनी वरवंडकर मंच पर जोरदार रिहर्सल जारी है। 
 
काले के अनुसार तीसरे दिन बच्‍चों, युवाओं से लेकर महिलाओं तक के लिए कई मनोरंजक गेम्‍स की व्‍यवस्‍था की जाएगी। इस मौके पर महाराष्‍ट्र मंडल के कलाकारों की संगीतमय प्रस्‍तुतियों के अलावा विविध शैलियों में नृत्‍य भी हमारा विशुद्ध मनोरंजन करने के लिए पर्याप्‍त होंगे। फिलहाल कार्यक्रमों की रूपरेखा फाइनल नहीं है। इसे ही अंतिम रूप देने और तीन दिवसीय समारोह के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम चाकआउट करने के लिए शनिवार को शाम चार बजे चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्‍ट्र मंडल में बैठक आहूत की गई है।