दिव्य महाराष्ट्र मंडल

‘नवरात्र पर देवियों का तिलक लगाकर स्वागत’

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में शारदीय नवरात्र उत्सव सुबह की असेंबली में मनाया गया। इस अवसर पर जहां एक ओर छोटी बच्चियों का स्वागत तिलक लगाकर स्वयं शिक्षिकाओं ने किया वहीं दूसरी ओर बड़े बच्चों ने नवरात्र में नौ दिनों तक होने वाली देवी की पूजा और दशहरा उत्सव के बारे में बच्चों को बताया।

शिक्षिका अपर्णा आठले ने बताया कि प्री पाइमरी इंचार्ज अस्मिता कुसरे के मार्गदर्शन में छोटे बच्चों का स्वागत तिलक लगाकर किया गया। शहीद राजगुरु (रेड हाउस) की इंचार्ज श्वेता चौधरी के निर्देशन में गौरव गायकवाड़, दिव्या बवेजा, भावना चेलक ने माता शैलपुत्री के बारे में असेंबली में जानकारी सभी को दी। प्री प्राइमरी की इंचार्ज अस्मिता कुसरे ने ने बच्चों को माता शैलपुत्री के बारे में बताते हुए कहा कि माता शैलपुत्री हिमालय (कैलाश पर्वत) की पुत्री है और उनकी सवारी नंदी बैल है।

अपर्णा आठले ने बताया कि इसी तरह डे शिफ्ट में 10वीं की छात्रा आयुशी तिवारी ने असेंबली में सभी को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए नौ दिनों तक देवी के नौ स्वरूपों और उनके पूजा और महत्व के बारे में सभी बच्चों से जानकारी साझा की। प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने बताया कि स्कूल में सभी तरह के फेस्टिवल सेलिब्रेट किया जाता है। इसी क्रम में आज नवरात्र का पहला दिन बच्चों द्वारा मनाया गया।