दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल की 90वें सालगिरह समारोह में सुप्रसिद्ध कॉमेडियन दीपक देशपांडे करेंगे लोटपोट

0   राजधानी की संस्‍थाओं- समाजों की मनोरंजक प्रस्‍तुतियों के साथ होगी परिचर्चा भी।

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल की 90वीं सालगिरह और मराठी सोहला (मेला) के तीन अक्‍टूबर से शुरू हो रहे संयुक्‍त आयोजन में इस बार महाराष्‍ट्र मंडल में बहुत कुछ खास होने वाला है। एक तो जी मराठी के सुप्रसिद्ध रियालिटी शो 'हास्य सम्राट' के विजेता दीपक देशपांडे सोलापुर से हमें लोटपोट करने आ रहे हैं। वहीं जाने- माने मेजेशियन वी शांताराम तुमसर (महाराष्‍ट्र) से रोमांचक जादू दिखाने के लिए तैयार रहेंगे। समारोह की बड़ी विशेषता हर सेगमेंट के स्‍टालों के साथ- साथ चटपटे व्‍यंजनों के स्‍टाल भी होंगे। 
 
 
छत्रपति शिवाजी महाराज सभागृह में सचिव चेतन गोविंद दंडवते और गीता दलाल के मार्गदर्शन में हुई बैठक में तकरीबन 80 कार्यकारिणी सदस्‍यों, पदाधिकारियों, संयोजिकाओं- सह संयोजिकाओं ने कई अहम फैसले लिए। शुक्रवार, तीन अक्‍टूबर को दोपहर तीन बजे उद्घाटन सत्र के बाद नगर की सामाजिक संस्थाओं और विभिन्‍न समाजों के प्रतिनिधियों का सम्मेलन होगा। इसमें समाजों के प्रतिनिधि ‘सामाजिक कार्यों से सबका मन कैसे जीते, कैसा बनाएं समाज’ विषय पर विचार- विमर्श करेंगे। 
 
सचिव चेतन दंडवते ने बताया कि समाजों व संगठनों की संगोष्ठी के बाद सामाजिक संस्‍थाओं और समाजों के कलाकार रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसमें सामूहिक देशभक्ति नृत्य की प्रस्तुतियों का थीम निर्धारित की गई है। शाम 7:00 बजे से सोलापुर के सुप्रसिद्ध स्टैंडअप कॉमेडियन दिलीप देशपांडे का कॉमेडी शो होगा। शनिवार, चार अक्‍टूबर को सबेरे 11 से शाम पांच बजे तक सदस्यों के कार्यक्रमों के साथ- साथ विविध दिलचस्‍प प्रतियोगिताएं होंगी। इसी बीच सुप्रसिद्ध जादूगर वी. शांताराम के एक से एक जादू भी आकर्षण का केंद्र होंगे। शाम सात बजे से शशि वरवंडकर निर्देशित 110 मिनट का सस्‍पेंस, थ्र‍िलर नाटक ‘मैं अनिकेत हूं’ का मंचन किया जाएगा। 
 
 
उपाध्‍यक्ष गीता दलाल ने जानकारी दी कि समारोह के अंतिम दिन पांच अक्‍टूबर को सुबह 11 बजे से छत्‍तीसगढ़ की मराठी संस्‍थाओं और महाराष्‍ट्र मंडलों के प्रतिनिधियों की परिचर्चा होगी। इसका विषय ‘कैसे बढ़ाएं सामाजिक कार्यों और छत्तीसगढ़ में मराठी संस्थाओं का विश्वास’। तत्‍पश्‍चात इन्‍हीं संस्‍थाओं और मंडलों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। इस बीच वरिष्‍ठजन सेवा समिति की ओर से अंतरराष्‍ट्रीय वरिष्‍ठ दिवस के अवसर पर शानदार गेम्‍स और प्रस्‍तुतियों का भी आनंद लेने का अवसर मिलेगा। पुरस्‍कार वितरण के साथ तीन दिवसीय समारोह का समापन होगा।
दिव्‍यांग बालिका विकास गृह को मदद
महाराष्‍ट्र मंडल के शंकर नगर केंद्र की महिलाओं ने मंडल के ही महात्‍वाकांक्षी प्रकल्‍प दिव्‍यांग बालिका गृह के सहायतार्थ नकद राशि दान में दी है। इसी तरह अर्चना मैराल ने भी इसी प्रकल्‍प के लिए व्‍यक्तिगत रूप से आर्थिक मदद की। बताते चले कि इन दिनों दिव्‍यांग बालिका विकास गृह के एक बडे हिस्‍से को ध्‍वस्‍त कर नए सिरे से निर्माण किया जा रहा है और यहीं पर वरिष्‍ठ नागरिकों के लिए आपुलकी (आत्‍मीयता) योजना भी लाई जा रही है।