दिव्य महाराष्ट्र मंडल

मराठी सोहळा में मुख्‍यमंत्री विष्‍णुदेव साय व विधानसभा अध्‍यक्ष डॉ. रमन को आमंत्रण

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल ने अपनी 90वीं वर्षगांठ समारोह पर मुख्‍यमंत्री विष्‍णुदेव साय और विधानसभा अध्‍यक्ष डॉ. रमन सिंह को विशेष रूप से आमंत्रित किया है। डॉ. रमन ने तीन दिवसीय मराठी सोहळा (मेला) के तीसरे दिन शाम को आने की स्‍वीकृति दी है।
 
बृहन्‍महाराष्‍ट्र मंडल के छत्तीसगढ़ कार्यवाह सुबोध टोले ने बताया कि मंडल अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले ने मुख्‍यमंत्री साय से सीएम हाउस में मुलाकात कर उन्‍हें 90वीं वर्षगांठ समारोह व मराठी सोहळा का उद्घाटन करने के लिए शुक्रवार को दोपहर तीन बजे में मुख्‍य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। साय ने कहा कि अपना शेड्यूल देखकर वे आने की मंजूरी दे पाएंगे। उन्‍होंने समूचे आयोजन को लेकर कार्यकारिणी, पदाधिकारियों व सभासदों को महाराष्‍ट्र मंडल के उपलब्धिपूर्ण 90 वर्ष की बधाई दी। 
 
 
इससे पहले मंडल अध्‍यक्ष काले ने टोले के साथ विधानसभाध्‍यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके शंकर नगर स्थित स्‍पीकर हाउस में मुलाकात  की। तीन दिवसीय मराठी सोहळा की पूरी जानकारी हासिल करने के बाद डॉ. रमन ने रविवार, पांच अक्‍टूबर को शाम चार बजे मराठी सोहळा में आने की स्‍वीकृति प्रदान की। वे इस मौके पर महाराष्‍ट्र मंडल की विभूतियों को सम्‍मानित करेंगे।