दिव्य महाराष्ट्र मंडल

सर्व समाज के लिए करनी होगी समाजसेवाः अजय काले

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रहवासियों के मन में मराठियों और महाराष्ट्र मंडल के प्रति विश्वास जगाने के लिए हमें अपने कार्यक्रमों में अन्य समाज के लोगों को भी शामिल करना होगा। उनके सुख- दुख में हमें सहभागिता निभानी होगी। महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने इस आशय के विचार व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि हमें सर्व समाज के लिए मानव सेवा के करने होंगे। अपने कार्यक्रमों को नगर स्तरीय करना चाहिए, ताकि अन्य समाज के लोग इसमें शामिल हो और हमारी संस्कृति और सद्भभाव को जान सके।

काले महाराष्ट्र मंडल के 90वें वर्षगांठ पर आयोजित मराठी सोहला के दूसरे दिन प्रदेश के सभी महाराष्ट्र मंडलों की संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। काले ने कहा कि गुरुजी केशव बलीराम हेडगेवार के मंत्र ‘मराठी यहां रहकर छत्तीसगढ़ और यहां के रहवासियों के लिए समाज सेवा करें’ को लेकर चल रहा महाराष्ट्र मंडल आज अपने स्थापना के 90 वर्ष पूरा कर चुका है। समाजसेवा के लिए लोगों को जोड़ना आवश्यक है। गुरुजी का यह गुरुमंत्र आज भी प्रासंगिक है और यदि इसे रायपुर के बाहर के महाराष्‍ट्र मंडल की टीम अपनाती है, तो निश्चित ही रायपुर की तरह उन्‍हें भी इसके उत्‍साहजनक परिणाम मिलेंगे।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे सचिव चेतन दंडवते ने कहा कि आज राजनीति में हमारे बीच से कोई नहीं है। हम सिर्फ समाज सेवा कर रहे हैं। वर्तमान समय में इसकी बड़ी आवश्यकता है, क्योंकि राजनीति का आधार संख्या बल होता है। हम पूरे प्रदेश के मंडल एकजुट हो, तो हम राजनीति में भी सक्रिय हो सकते हैं। हम छोटी-मोटी आवश्यकता पर सरकार का पूरा सहयोग ले सकते हैं। कार्यक्रम के प्रभारी सुबोध टोले ने कहा कि युवाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़ना वर्तमान पीढ़ी का काम है। नहीं तो भविष्‍य में सामाजिक कार्य करने वाली संस्‍थाएं तो रहेंगी, लोग ही नहीं रहेंगे।

महाराष्‍ट्र मंडल सेक्टर-4 भिलाई से आए प्रतिनिधियों ने बताया कि उनके यहां वर्ष में एक बार तीन दिवसीय विशाल फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जाता है। इसमें मराठी व्यंजनों से हम युवा पीढ़ी को परिचित कराते हैं। कोरबा महाराष्‍ट्र मंडल के अध्‍यक्ष हेमंत माउलीकर ने कहा कि रायपुर का मंडल काफी पुराना है और यहां के सदस्‍य अनुभवी भी हैं। रायपुर मंडल के लोग जनसेवा की दिशा में जो काम तय करेंगे, हम उसे करने तैयार हैं। प्रदेश में मराठियों की लगातार बढ़ती आबादी के आधार पर अब सरकार में हमारे समाज का भी एक प्रतिनिधि होना चाहिए और वो निश्चित ही महाराष्‍ट्र मंडल रायपुर का हो। इसके लिए जब भी, जिससे मिलने के लिए हमारी जरूरत होगी, हम कोरबा से यहां आने को तैयार हैं। कांकेर महाराष्‍ट्र मंडल के सचिव मनोज कुमार हड़प ने कहा कि हम तो पहले से ही रायपुर मंडल के सभासद है और इन्‍हीं के मार्गदर्शन पर हम कांकेर महाराष्‍ट्र मंडल का भवन बनाने जा रहे हैं।

महाराष्‍ट्र मंडल दुर्ग के पूर्व अध्‍यक्ष अविनाश कोरान्‍ने ने कहा कि हम नियमित कार्यक्रमों के अलावा वृक्षारोपण, चिकित्‍सा शिविर, रक्‍तदान जैसे काम करते हैं। इसी तरह रायपुर महाराष्‍ट्र मंडल ने हमें जो मेडिकल एक्‍यूपमेंट दिए हैं, उन्‍हें भी हम जरूरतमंदों को देकर जनसेवा करते हैं। महाराष्‍ट्र मंडल भिलाई सेक्‍टर- 4 के ट्रस्‍ट अध्‍यक्ष अजय कुलकर्णी ने कहा कि स्‍वरोजगार के लिए हम मराठी फराळ का स्‍टाल लगवाते हें। इसी तरह चिकित्‍सा शिविर, सांस्‍कृतिक व शैक्षणिक कार्यक्रम करते हैं। 

महाराष्‍ट्र मंडल हुडको के अध्‍यक्ष नितिन फूले ने कहा कि एक ही पंडाल में 108 गणेश प्रतिमाओं की स्‍थापना हर साल करते हैं। इससे सामाजिक सद्भाव और एकता का संदेश अन्‍य समुदायों को संदेश देते हैं। स्‍थानीय युवाओं को आगे लाने का प्रयास करते हैं। महाराष्‍ट्र मंडल बिलासपुर के अध्‍यक्ष मोहन देवपुजारी ने कहा कि नियमित कार्यक्रमों के अलावा वृक्षारोपण, चिकित्‍सा शिविर व संस्‍कार भारती महिलाओं के कार्यक्रमों को प्राथमिकता देते हैं।